&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Barmer Drug Smuggling: बाड़मेर में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में आबकारी विभाग को एक बड़ी कामयाबी मिली है. तस्करों ने तस्करी के लिए ट्रक को किसी फिल्म की तरह हाई-टेक तरीके से मॉडिफाई किया था, लेकिन आबकारी टीम की एक छोटी सी सूझबूझ ने 876 किलो डोडा-पोस्त की बड़ी खेप को पकड़ लिया.
नाकाबंदी देख चालक फरार
घटना सिणधरी रोड स्थित रावतसर की है. शुक्रवार रात आबकारी विभाग की टीम वाहनों की सघन जांच कर रही थी. तभी एक संदिग्ध ट्रक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन पकड़े जाने के डर से चालक चलती गाड़ी छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया.
)
शुरुआती तलाशी में ट्रक पूरी तरह सामान्य और खाली नजर आया. तस्करों ने बॉडी को इस तरह वेल्ड किया था कि कहीं से भी कोई संदिग्ध वस्तु दिखाई नहीं दे रही थी. तभी आबकारी गार्ड ओमाराम ने एक लकड़ी के डंडे से कंटेनर के अंदर और बाहर के हिस्से को मापा. माप में आए बड़े अंतर ने यह साफ कर दिया कि ट्रक के भीतर कोई गुप्त हिस्सा (कंपार्टमेंट) बनाया गया है.
)
हाइड्रोलिक जैक का खुलासा
ट्रक को जब्त कर आबकारी कार्यालय लाया गया और वहां गैस कटर की मदद से कंटेनर को काटा गया. जैसे ही लोहे की परत हटी, अधिकारी दंग रह गए. भीतर एक बड़ा गुप्त केबिन बना हुआ था, जिसे हाइड्रोलिक जैक के जरिए ऑपरेट किया जाता था.इस गुप्त केबिन से काले रंग के 42 प्लास्टिक कट्टों में भरा कुल 876 किलो डोडा-पोस्त बरामद हुआ.तस्करों ने केबिन को चारों ओर से इस तरह सील किया था कि मादक पदार्थ की महक भी बाहर न आ सके. बाहर से देखने पर यह पूरी तरह मजबूत वेल्डिंग वाला हिस्सा लगता था.
)
नेटवर्क की तलाश जारी
जिला आबकारी अधिकारी दिनेश गहलोत ने बताया कि तस्करों ने ट्रक को मॉडिफाई करने पर लाखों रुपये खर्च किए होंगे ताकि सामान्य चेकिंग से बचा जा सके. प्राथमिक जांच के अनुसार, यह खेप राजस्थान के रास्ते अन्य राज्यों में सप्लाई की जानी थी. फिलहाल फरार चालक और इस तस्करी सिंडिकेट के पीछे के असली मास्टरमाइंड की तलाश तेज कर दी गई है.
बाड़मेर में पकड़ी गई यह खेप दर्शाती है कि तस्कर अब पुलिस से बचने के लिए अत्याधुनिक इंजीनियरिंग का सहारा ले रहे हैं, लेकिन आबकारी विभाग की सतर्कता ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Barmer News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार.जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!