मेवाराम जैन की कांग्रेस वापसी पर पोस्टर वॉर ने बढ़ाई राजनीति की आग! समर्थकों ने दर्ज कराई FIR

Mewaram Jain: बाड़मेर में कांग्रेस के पूर्व विधायक मेवाराम जैन की वापसी पर राजनीति गरमा गई है. विरोधियों ने पोस्टर वार कर अश्लील सीडी प्रकरण का हवाला देते हुए उनका विरोध जताया, तो समर्थकों ने मुकदमा दर्ज कर इसे साजिश बताया. विवाद के बावजूद बाड़मेर पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत हुआ.

मेवाराम जैन की कांग्रेस वापसी पर पोस्टर वॉर ने बढ़ाई राजनीति की आग! समर्थकों ने दर्ज कराई FIR
Image Credit: mewaram jain barmerSource: ज़ी न्यूज़ डेस्क

Rajasthan News: राजस्थान के बाड़मेर में कांग्रेस के पूर्व विधायक मेवाराम जैन की पार्टी में दोबारा वापसी को लेकर सियासी बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है. कोतवाली थाने में उनके समर्थकों ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है. आरोप है कि पोस्टर वार के जरिए साजिशन उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई है. समर्थकों ने इसे चरित्र हनन बताते हुए पार्टी विरोधियों पर शक जताया है. वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जिससे बाड़मेर की सियासत और गरमा गई है.

क्या था मामला
बाड़मेर में कांग्रेस की सियासत शुक्रवार सुबह अचानक गरमा गई जब शहर और आसपास के इलाकों में पूर्व विधायक मेवाराम जैन के विरोध में पोस्टर लगाए गए. इन पोस्टरों में सीडी प्रकरण का जिक्र करते हुए संदेश लिखा गया कि पार्टी में ऐसे व्यक्ति की जगह नहीं होनी चाहिए, जो नारी सम्मान के विपरीत आचरण का दोषी रहा हो. पोस्टरों पर बाड़मेर, बालोतरा और जैसलमेर कांग्रेस कमेटी का हवाला भी दिया गया. चारों तरफ लगे इन पोस्टरों से शहर में चर्चा तेज हो गई और प्रशासन व पुलिस के लिए भी यह मामला चुनौती बन गया. इसी बीच आज मेवाराम जैन बाड़मेर आने वाले हैं और उनके स्वागत का कार्यक्रम भी तय है, लेकिन उससे पहले पोस्टर वार ने पूरे माहौल को गर्मा दिया है.

Add Zee News as a Preferred Source

बाड़मेर पहुंचने पर स्वागत हुआ
बाड़मेर की राजनीति इन दिनों मेवाराम जैन की वापसी को लेकर गर्म है. अश्लील सीडी प्रकरण के चलते दो साल तक कांग्रेस से बाहर रहे और तीन बार विधायक रह चुके मेवाराम जैन की घर वापसी के बाद बाड़मेर में कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त जोश देखने को मिला. जैसे ही वे बाड़मेर लौटे, हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक स्वागत के लिए उमड़ पड़े. जगह-जगह फूल मालाओं और आतिशबाज़ी के बीच उनका अभिनंदन किया गया.

पोस्टर विवाद के बावजूद उत्साह में कोई असर नहीं
हालांकि वापसी के तुरंत बाद पोस्टर विवाद भी सामने आया, लेकिन इस विवाद से समर्थकों के उत्साह पर कोई असर नहीं पड़ा. बाड़मेर शहर की सड़कों पर जैन समर्थकों का जोश साफ झलक रहा था. समर्थकों ने इसे पार्टी और क्षेत्र की राजनीति के लिए नई ऊर्जा बताया. उनका कहना था कि मेवाराम जैन का अनुभव और नेतृत्व आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मजबूत करेगा.

कार्यकर्ताओं ने किया फैसले का स्वागत
इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि विरोधी गुट चाहे कितनी भी साजिशें कर लें, जनता का स्नेह और विश्वास जैन के साथ है. आलाकमान का निर्णय कार्यकर्ताओं के हौसले को और बढ़ाने वाला है. बाड़मेर में जैन की वापसी को कांग्रेस कार्यकर्ता ऐतिहासिक पल बता रहे हैं और इसे गुटबाजी पर जनता की जीत करार दिया जा रहा है.

राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Rajasthan Politics News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!

ट्रेंडिंग न्यूज़

About the Author

SAGAR CHAUDHARY

SAGAR CHAUDHARY

सागर चौधरी एक अनुभवी और समर्पित सब-एडिटर हैं, जो वर्तमान में ज़ी राजस्थान के साथ जुड़े हुए हैं. उन्हें डिजिटल मीडिया में करीब 2 साल का अनुभव है, और इस दौरान उन्होंने तेज, सटीक और भरोसेमंद न्यूज़ कंटेंट तैयार करके अपनी एक मजबूत पहचान बनाई है. राजस्थान की हर बड़ी और छोटी खबर पर उनकी अच्छी पकड़ उन्हें एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है. अप्रैल 2024 से वे ज़ी न्यूज़ संस्थान का हिस्सा हैं और अपनी मेहनत व काम करने की क्षमता से लगातार टीम में योगदान दे रहे हैं. सागर चौधरी का संबंध हरियाणा के फरीदाबाद से है, जहां उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री हासिल की और मीडिया क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत की.
Read More