&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Sawai Madhopur News: आजादी का अमृत महोत्सव के तहत “हर घर तिरंगा” अभियान सवाई माधोपुर जिले में देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है. इसी कड़ी में आज जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया के नेतृत्व में पुलिस लाइन खेल मैदान से कलेक्ट्रेट परिसर तक भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया . तिरंगा रैली का शुभारंभ मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया ने हरी झंडी दिखाकर किया और स्वयं हाथ में तिरंगा लेकर आमजन के साथ पैदल चलते हुए राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया.
तिरंगा रैली में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसीईओ, उपखंड अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, एनसीसी कैडेट, स्काउट-गाइड और बडी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओ ने बढ़चढ़कर भाग लिया . तिरंगा रैली में शामिल सभी प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लिए देशभक्ति के नारों के साथ शहर के मुख्य मार्गों पर जनजागरण किया.
पुलिस लाइन मैदान पर विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला बनाकर एकता और अखंडता का संदेश भी दिया. जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया ने कहा कि “हर घर तिरंगा” अभियान न केवल राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का प्रतीक है, बल्कि यह देश की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों की स्मृति को भी सशक्त करता है.
उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस तक अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रप्रेम की अभिव्यक्ति करें और इसकी तस्वीरें ऑनलाइन पोर्टल पर साझा करें. हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिले के विभिन्न उपखंडों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायत कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी तिरंगा रैली और विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. तिरंगा रैली के दौरान नागरिकों ने ‘हर घर तिरंगा सेल्फी पॉइंट’ पर तस्वीरें खिंचवाकर अभियान में सहभागिता दर्ज कराई.
जिला परिषद सीईओ ने बताया कि “हर घर तिरंगा” अभियान का उद्देश्य आमजन में राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना और सभी को तिरंगे के सम्मान एवं महत्व से जोड़ना है. जिलेभर में यह अभियान 15 अगस्त तक जोश और उमंग के साथ जारी रहेगा.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएंJaipur News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!