&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Bharatpur News: राजस्थान के भरतपुर जिले के बयाना विधानसभा सीट से पूर्व विधायक रहे बच्चू बंसीवाल के घर पर करीब 50 लोगों ने एकराय होकर हमला कर दिया. घटना में पूर्व विधायक के भाई, चचेरा लड़का और चाचा घायल हुए हैं. सभी को इलाज के लिए आरबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.
घटना के बाद तनाव को देखते हुए पूरे गांव में पुलिस तैनात की गई है. पूरा विवाद लड़का-लड़की भगाने का है. हालांकि पुलिस ने लड़की को बरामद कर उसके परिजनों को सुपर्द कर दिया, फिर भी घटना से गुस्साए लोगों ने वर्ग विशेष और पूर्व विधायक के परिवार पर हमला कर दिया और घर मे घुसकर मारपीट की. लड़की को भगाने वाला लड़का पूर्व विधायक के परिवार का बताया जा रहा है.
बयाना के पूर्व विधायक बच्चू बंसीवाल के छोटे भाई कमल सिंह निवासी बसई ने बताया कि गुरुवार को सुबह 10 बजे एक समाज के करीब 50 युवक इकट्ठे होकर हमारे घर पर आए. वह घर के बाहर गालियां दे रहे थे. युवकों के हाथ में लाठी डंडे, सरिया, पत्थर थे. उसने अपनी मां से कहा कि मां किसी में झगड़ा हो रहा है. जैसे ही मेरी मां बाहर देखने आई तो, सभी लोग मेरे घर में घुस गए. उस समय वह खाना खा रहा था. घर में घुसते ही उन्होंने मेरे ऊपर लाठी, सरिया और डंडों से हमला कर दिया.
घायल ने बताया कि कुछ दिनों पहले गांव के एक लड़का और लड़की भाग गए थे. दोनों अलग-अलग जाति के थे. मेरे भाई पूर्व विधायक रहे हैं इसलिए एक समाज के लोग सोच रहे थे कि लड़का पूर्व विधायक के समाज का है इसलिए वह लड़के का साथ दे रहे हैं, जिसको लेकर आज हमारे घर पर हमला हुआ है. घटना में मेरे परिवार में 3 लोगों के चोट आई है. एक मेरे चाचा का लड़का सुनील है और मेरे चाचा चंपा लाल के चोटें आई हैं.
एडिशनल एसपी हरिराम कुमावत ने बताया कि पूर्व विधायक बच्चू बंसीवाल के छोटे भाई कमल सिंह घर पर बैठकर खाना खा रहे थे. इस दौरान करीब 50 लोग इनके घर आए. उनमें से करीब 5 लोगों ने लाठी डंडों से कंचन सिंह के साथ मारपीट की, कमल सिंह को इलाज के लिए आरबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. कमल सिंह के पर्चा बयान दर्ज कर लिए गए हैं और आगे की कार्रवाई की जा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही रुदावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची. गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है.आरोपी पक्ष फरार है, जिनकी तलाश की जा रही है. पुलिस कमल सिंह द्वारा दिए गए पर्चा बयान के आधार पर FIR दर्ज कर रही है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Bharatpur News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!