&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Bharatpur News: जिले के रुदावल थाना क्षेत्र के गांव बसई में दो पक्षों के बीच हुआ आपसी विवाद अब गंभीर रूप ले चुका है. सोमवार को इस मामले ने तब नया मोड़ लिया, जब बयाना विधायक ऋतु बनावत खुद गांव पहुंचीं और एक पक्ष के लोगों के साथ पंचायत की. पंचायत में मौजूद महिलाओं ने रुदावल थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस ने उनके साथ मारपीट और अभद्रता की है.
महिलाओं का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने न केवल उनके साथ मारपीट की बल्कि बेअदबी करते हुए उनके कपड़ों में हाथ डालकर मोबाइल फोन भी छीन लिए. इन आरोपों के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया.
विधायक ऋतु बनावत गुस्से में आ गईं और अपने पति ऋषि बंसल और समर्थकों के साथ रुदावल थाने पहुंचीं, जहां उन्होंने पुलिस के खिलाफ धरना दिया.
महिलाओं के साथ ज्यादती की गई
विधायक ने आरोप लगाया कि पुलिस की भूमिका पक्षपातपूर्ण रही है और महिलाओं के साथ ज्यादती की गई है. उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ बदसलूकी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. महिलाएं देश की आधी आबादी हैं और इस तरह का अत्याचार अस्वीकार्य है. उन्होंने पुलिस से यह भी मांग की कि पूर्व विधायक बंशीवाल के परिवार पर हमला करने वाले हमलावरों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए.
हालात बिगड़ने पर पुलिस गांव पहुंची
जानकारी के अनुसार, गांव बसई में विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब एक पक्ष ने दूसरे पक्ष की लड़की को भगाने का आरोप लगाया. इसी विवाद ने बाद में हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. हालात बिगड़ने पर पुलिस गांव पहुंची, जिसके बाद यह आरोप सामने आए कि पुलिस ने भी एक पक्ष की महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया.
तनाव का माहौल
फिलहाल गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. विधायक के नेतृत्व में धरने के चलते पुलिस प्रशासन भी अलर्ट हो गया है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि मामले का निष्पक्ष समाधान और कार्रवाई नहीं हुई तो हालात और बिगड़ सकते हैं. वहीं, पुलिस की ओर से इस मामले पर अभी आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan Newsऔर पाएं Bharatpur Newsकी हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!