&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Karauli News: राजस्थान के भरतपुर रेंज के महानिरीक्षक के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के नेतृत्व में करौली जिले में एक दिवसीय विशेष अभियान के तहत अपराधियों के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया गया.
इस अभियान के दौरान जिले के 498 संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देकर पुलिस ने 130 अपराधियों को गिरफ्तार किया. इस सघन अभियान में 307 पुलिसकर्मियों की 65 टीमों ने एक साथ कार्रवाई की, जिससे असामाजिक तत्वों में भारी हड़कंप मच गया.
गिरफ्तार किए गए अपराधियों की श्रेणियां
03 जघन्य अपराधों में लिप्त आरोपी
03 गिरफ्तारी वारंटी
02 इनामी अपराधी
03 सामान्य प्रकरणों में वांटेड
02 आरोपी विशेष अधिनियमों के अंतर्गत
117 अन्य आरोपी (शांति भंग और चालानशुदा प्रकरणों से संबंधित)
थाना बालघाट पुलिस ने अपहरण मामले में 5 हजार रुपये का इनामी आरोपी रवि उर्फ बल्ली मीना को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की. आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था.
एसपी लोकेश सोनवाल ने बताया कि जिले में अपराध पर नियंत्रण के लिए सक्रिय निगरानी और एरिया डोमिनेशन रणनीति को अपनाया जा रहा है, और यह अभियान अपराधियों के मन में कानून का डर पैदा करने में सफल रहा है.
करौली जिले में पुलिस का यह विशेष अभियान अपराध पर नकेल कसने और जनता में विश्वास कायम करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है. आने वाले समय में ऐसे और अभियान चलाकर अपराधियों को पकड़ने की रणनीति बनाई गई है.
इधर करौली जिले के मामचारी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध देसी कट्टा (315 बोर) और एक जिंदा कारतूस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान राम लखन पुत्र भंवर सिंह (उम्र 32 वर्ष), निवासी खिरखिरी गुरदह, थाना लांगरा, जिला करौली के रूप में हुई है.
मामचारी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उससे अवैध हथियार की खरीद व उपयोग के उद्देश्य को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है. इस कार्रवाई को लेकर पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों की रोकथाम और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में लगातार निगरानी और गश्त बढ़ा दी गई है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Karauli News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!