&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Rajasthan News: करौली के हिंडौन में गुरुवार शाम को प्री-मानसून की दूसरी बारिश ने एक बार फिर शहरवासियों को राहत और मुश्किलों के बीच झूलने को मजबूर कर दिया. शाम 5 बजे से करीब डेढ़ घंटे तक हुई झमाझम बारिश में 50 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जिसने उमस भरी गर्मी से तो राहत दी, लेकिन शहर की लचर जल निकासी व्यवस्था को फिर बेपर्दा कर दिया. प्रमुख बाजारों और कॉलोनियों को लबालब कर दिया, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और पिछले साल की बाढ़ जैसे हालातों की यादें ताजा हो गई.
उल्लेखनीय है कि गुरुवार शाम को लगभग डेढ़ घंटे तक हुई झमाझम बारिश ने कटरा बाजार, भायलापुरा, कम्बलबाल मार्केट, बयाना मार्ग, मनीराम पार्क, अस्पताल रोड और निकली कॉलोनी जैसे इलाकों को जलमग्न कर दिया. सड़कों पर तेज बहाव और दुकानों में पानी घुसने से व्यापारियों को भारी नुकसान हुआ. निचली कॉलोनियों में पानी भरने से लोगों को घरों से निकलना मुश्किल हो गया. वाहन चालक और राहगीर घुटनों तक पानी में चलने को मजबूर रहे.
पिछले साल बारिश के दौरान बाढ़ जैसे हालात ने शहर को थाम लिया था. बाजारों में पानी भरने से व्यापारियों को करोड़ों का नुकसान हुआ था. उस दौरान दो महीने तक बाजार बंद रहे, और 20 दिनों तक लोग घरों में कैद रहे. प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें नावों से राहत सामग्री पहुंचाने को मजबूर थी. संभागीय आयुक्त, जिला प्रशासन के आला अधिकारी और आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने प्रभावित इलाकों का दौरा किया.
नालों में रुकावट और सफाई के अभाव ने इस बार भी जलभराव की स्थिति पैदा कर दी. लोगों का कहना है कि प्रशासन ने पिछले साल भरोसा दिया था कि नालों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था होगी, लेकिन कुछ नहीं हुआ. अगर अभी कदम नहीं उठाए गए, तो इस मानसून में फिर बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं.
रिपोर्टर- आशीष चतुर्वेदी
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan Newsऔर पाएं Latest Rajasthan Newsहर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!