&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Karauli News: करौली जिला मुख्यालय पर बंदरों का आतंक दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है, जिससे स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल है. गुरुवार को मदनमोहनजी मंदिर के समीप चीकना फर्श क्षेत्र में बड़ी संख्या में बंदरों ने अचानक कई घरों पर धावा बोल दिया. इस अप्रत्याशित हमले से भयभीत लोग अपने घरों में कैद होने को मजबूर हो गए.
सौभाग्य से इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन बंदरों ने जमकर उत्पात मचाया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बंदरों ने घरों की छतों और बरामदों पर कब्जा कर लिया, जहां उन्होंने बाहर रखे सामान, पेड़-पौधों, बिजली के तारों और अन्य सामग्री को भारी नुकसान पहुंचाया. डर के मारे लोगों ने अपने घरों के दरवाजे-खिड़कियां बंद कर लीं और मोबाइल फोन से इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया.
स्थानीय निवासी ब्रह्म प्रकाश ने बताया कि चीकना फर्श के अलावा बारी पाडा, तांबे की टोरी, भूडारा बाजार, फूटा कोट और बड़ी हटरीया जैसे कई इलाकों में बंदरों का आतंक फैला हुआ है. आए दिन बंदर घरों में घुसकर तोड़फोड़ करते हैं, जिससे लोग त्रस्त हैं.स्थानीय लोगों का कहना है कि बंदरों की बढ़ती संख्या और उनके हमलों ने रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित कर दिया है.
इस समस्या से निजात पाने के लिए शहरवासियों ने नगर परिषद से तत्काल कदम उठाने की मांग की है. उन्होंने बंदरों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने का आग्रह किया है, ताकि आमजन को राहत मिल सके और इस आतंक से छुटकारा पाया जा सके. स्थानीय प्रशासन से उम्मीद की जा रही है कि वह इस गंभीर समस्या पर शीघ्र कार्रवाई करेगा.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan Newsऔर पाएं Jaisalmer Newsकी हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!