&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Cyber Fraud Sawai Madhopur: सवाई माधोपुर की मानटाउन एवं खण्डार थाना पुलिस तथा सायबर सेल की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए गिरोह बनाकर अवैध ऑनलाइन सट्टा चलाने के मामले में युवती सहित पाँच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लैपटॉप, दस एंड्रॉयड मोबाइल व बीस सिमकार्ड ज़ब्त किए हैं. पुलिस को आरोपियों के पास करोड़ों रुपए का लेनदेन मिलने की संभावना है.
कौन-कौन किया गिरफ्तार
पुलिस ने सायबर अपराधी सम्यक जैन निवासी हरसाय जी कटला शहर, अभिषेक खंगार निवासी नीम चौकी खंगार मोहल्ला शहर हाल निवासी राजपुताना रेजिडेंसी पत्रकार कॉलोनी मानसरोवर जयपुर, बुद्धिप्रकाश उर्फ कुलदीप मीना निवासी कंवरसली श्योपुर (एमपी), प्रिंस नामा निवासी न्यू मार्केट शहर और ज्योति निवासी नेसतीवास थाना आमेर जयपुर को गिरफ्तार किया है.
पुलिस के अभियान के तहत हुई कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार कस्वां ने बताया कि पुलिस द्वारा सायबर अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई करने का अभियान चलाया जा रहा है. अभियान की पालना में पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में मानटाउन एवं खण्डार थाना पुलिस तथा सायबर सेल द्वारा संयुक्त कार्रवाई कर अंतर्राज्यीय संगठित गिरोह के रूप में कार्यरत इस गिरोह के पाँच सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है. इसमें गिरोह को एप्लीकेशन देने वाले डेवलपर व अन्य शामिल हैं.
180 प्रकरण किए गए थे दर्ज
उन्होंने बताया कि जिले में जनवरी 2025 से अब तक 180 प्रकरण दर्ज कर लगभग 400 सायबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें कई नामजद हैं. इस अवैध धंधे में लिप्त अपराधी पुलिस की राडार पर हैं.
क्या बोले अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक?
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी सम्यक जैन गिरोह का मास्टरमाइंड है एवं एक प्रबंधक की तरह काम करता है. पूरे सिस्टम को सुपरवाइज़ करना, एप्लीकेशन डेवलपर की तलाश कर उससे एप्लीकेशन बनवाना, ग्राहकों को प्रलोभन देकर सट्टा लगाने के लिए विभिन्न सर्विस के बल्क में मैसेज करना, बैंक अकाउंट और फर्जी सिम कार्ड की व्यवस्था करना आदि उसका काम था. गिरोह के प्रत्येक सदस्य की अलग-अलग जिम्मेदारी तय थी. कोई ग्राहकों को व्हाट्सऐप पर सम्पर्क में रखता, कोई पेमेंट का काम देखता, तो कोई ग्राहकों का डाटा इकट्ठा कर उन्हें प्रलोभन देता.
करोड़ों की ठगी कर चुका है मुख्य आरोपी
आरोपी जैन अब तक लगभग दो दर्जन एप्लीकेशन चला चुका है और करोड़ों की ठगी कर चुका है. उसने कमाए रुपयों से परिवार का लाखों रुपए का कर्ज चुकाया और बाकी रकम साथियों के ऐशोआराम पर खर्च कर दी.
कौन रहा पुलिस टीम में शामिल
पुलिस टीम में मानटाउन थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता, खण्डार थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह, एएसआई खण्डार नंदराम, कांस्टेबल हरिसिंह (थाना मानटाउन), कांस्टेबल शिशपाल, रिता (थाना खण्डार) तथा सायबर सेल के हैड कांस्टेबल महेन्द्र कुमार शामिल रहे.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Rajasthan Crime News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!