&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Sawai Madhopur News: राजस्थान के कई हिस्सों में इस समय मौसम ने विकराल रूप धारण कर लिया है. लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. सवाई माधोपुर में लगातार बरसात के चलते सुरवाल बांध ओवरफ्लो हो गया और रविवार को वहां एक बड़ा गड्ढा बन गया. इस घटना से जमीन धंस गई और करीब 2 किलोमीटर लंबी दरार पड़ गई. पानी अब खेतों के बीच से होकर बह रहा है. इस आपदा का सबसे ज्यादा असर जड़ावता गांव पर पड़ा है, जहां 2 किलोमीटर लंबी, 100 फीट से चौड़ी और लगभग 55 फीट गहरी खाई बन चुकी है.
बादल बन गए आफत
राजस्थान के कई जिलों में लगातार बरस रही बारिश अब लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन गई है. विशेषज्ञों का कहना है कि यदि मौसम की यही स्थिति बनी रही, तो हालात और भी गंभीर हो सकते हैं. जहां जमीन धंसी है, वह क्षेत्र पूरी तरह कृषि योग्य था. खेतों के किनारों से पानी इस खाई में बहने लगा, जिससे दो घर, दो दुकानें और दो मंदिर भी जमींदोज हो गए.
सेना और राहत दल तैनात
लगातार बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. हालात से निपटने के लिए प्रशासन ने सेना और राहत बलों को मौके पर भेजा है. प्रभावित इलाकों के घर खाली करा दिए गए हैं और स्थानीय प्रशासन स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है.
मंत्री ने किया दौरा
जैसे ही बांध के ओवरफ्लो और जमीन धंसने की जानकारी मिली, प्रभावित इलाकों का जायजा लेने कैबिनेट मंत्री करोड़ी लाल मीणा पहुंचे. उन्होंने अधिकारियों को मशीनों से पानी की धारा मोड़ने के निर्देश दिए. हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि अब मिट्टी का कटाव रोकना लगभग असंभव हो चुका है.
हालात बिगड़े
गौरतलब है कि भारी बारिश ने राजस्थान के कई हिस्सों में कहर बरपा दिया है. कई गांव पानी में डूब चुके हैं और कई पूरी तरह कट गए हैं. सबसे अधिक असर कोटा, बूंदी, सवाई माधोपुर और झालावाड़ में देखा जा रहा है. कोटा के हरिजी का निमोदा गांव और दीगोद उपखंड में ही 400 से ज्यादा मकान ढह गए हैं.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Sawai Madhopur News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!