&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Karauli News: राजस्थान के करौली जिले के घासीराम बाबा के गेट के पास स्थित आश्रम में रह रहे संत मोक्षानंद महाराज (उर्फ मिठ्या बाबा), निवासी खिरखड़ी, उम्र 80 वर्ष, का शव शुक्रवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला. संत पिछले करीब 30 वर्षों से इस आश्रम में निवास कर रहे थे.
रस्सी से लटका मिला था शव
सुबह करीब पांच बजे गांव भैंसा निवासी पप्पू सैनी रोजाना की तरह मंदिर में पूजा करने पहुंचे तो मंदिर का दरवाजा खोलते ही उन्होंने संत मोक्षानंद को रस्सी से लटका हुआ देखा. यह देख वह घबरा गए और घटना की जानकारी खिरखड़ी व भैंसा के ग्रामीणों को दी. जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई.
ग्रामीणों ने जाम किया मार्ग
संत की मौत को हत्या बताते हुए आक्रोशित ग्रामीणों ने लकड़ियां डालकर टोडाभीम-गाजीपुर मार्ग पर कुछ देर के लिए जाम लगा दिया. ग्रामीणों का कहना है कि रात में अज्ञात बदमाशों ने छत की चैनल में रस्सी बांधकर संत की हत्या की है.
क्या बोले थानाधिकारी कैलाश मीना?
घटना की सूचना पर थानाधिकारी कैलाश मीना मौके पर पहुंचे. लेकिन ग्रामीण संत का शव उप जिला अस्पताल भिजवाने के बजाय मौके पर ही पोस्टमार्टम कराने की जिद पर अड़े रहे. कुछ देर बाद टोडाभीम पुलिस उपाधीक्षक मुरारी लाल मीणा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश कर शांत कराया. डीएसपी की बात मानते हुए ग्रामीण पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए. इसके बाद चिकित्सकों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम शुरू किया. डीएसपी मुरारी लाल मीणा ने बताया कि अभी यह कहना संभव नहीं है कि संत की मृत्यु किस प्रकार हुई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. पोस्टमार्टम के बाद संत का चकडोल निकाला जाएगा.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Karauli News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!