Sawai Madhopur News: राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में खंडार में बनास नदी में भैंसों को पानी पिलाने गए बुजुर्ग व्यक्ति पर मगरमच्छ ने हमला किया. मगरमच्छ ने बुजुर्ग किसान के दोनों हाथ और पैर को बुरी तरह चबा डाले.

Sawai Madhopur News: राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में खंडार तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत खिदरपुर के पास खिरखड़ी गांव में मगरमच्छ के हमले का मामला सामने आया है. यहां मंगलवार शाम को बनास नदी में भैंसों को पानी पिलाने गए बुजुर्ग किसान पर हमला कर दिया.
मगरमच्छ ने हमले के दौरान बुजुर्ग किसान के दोनों हाथ और पैर को बुरी तरह चबा डाला और जांघ के मांस का टुकड़ा अलग कर दिया. मगरमच्छ के हमले के दौरान बुजुर्ग के चिल्लाने की आवाज पर स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मगरमच्छ को खदेड़ा. उसके बाद घायल को लेकर उपचार के लिए जिला अस्तपाल भिजवाया, जहां घायल का उपचार जारी है.
दूसरी तरफ ग्रामीणों द्वारा वन विभाग को मगरमच्छ द्वारा ग्रामीण पर हमले की सूचना देने के बाद भी कोई अधिकारी कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिसके चलते ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है.
खिरखड़ी गांव निवासी बत्ती लाल गुर्जर ने बताया कि घायल किसान कैलाश गुर्जर पुत्र सुगन लाल गुर्जर निवासी खिरखड़ी है, जो भैंसो को पानी पिलाने बनास नदी में गया था. तभी अचानक मगरमच्छ नें कैलाश पर हमला कर दिया.
इस दौरान मगरमच्छ ने कैलाश गुर्जर के दोनों हाथों को चबा दिया और जांघ में से भी काफी हिस्सा काट कर अलग कर दिया. हमले के दौरान कैलाश के चिल्लाने की आवाज सुनकर आस-पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. यहां पहुंचकर ग्रामीणों ने हल्ला कर मगरमच्छ को भगाया, जिसके बाद ग्रामीणों ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां फिलहाल घायल का उपचार जारी है.
ग्रामीणों के अनुसार, घटना की जानकारी वन विभाग को भी दी गई थी, लेकिन सूचना के बाद भी वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची. ग्रामीणों ने घायल कैलाश गुर्जर को मुआवजा देने की मांग की है.