&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Bhilwara News: राजस्थान में भीलवाड़ा जिले की आसींद पुलिस ने श्री चारभुजा नाथ मंदिर में हुई चोरी की घटना का 12 घंटे के भीतर ही खुलासा कर दिया है. पुलिस ने चोरी हुआ चांदी का छत्र बरामद कर एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई भीलवाड़ा के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोशन पटेल के सुपरविजन में की गई.
दिनदहाड़े हुई थी चोरी
यह घटना 31 अगस्त, 2025 को हुई थी, जब दोपहर करीब सवा ग्यारह बजे एक अज्ञात व्यक्ति श्री चारभुजा नाथ मंदिर में घुसा. मंदिर के पुजारी राजाराम वैष्णव के अनुसार, उस व्यक्ति ने मूर्ति पर रखा करीब एक किलोग्राम वजनी चांदी का छत्र चुरा लिया. पुजारी की रिपोर्ट के आधार पर आसींद पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी.
सीसीटीवी और जनता की मदद से मिली सफलता
दिनदहाड़े हुई इस चोरी को गंभीरता से लेते हुए, आसींद थानाधिकारी हंसपाल सिंह के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया. टीम ने घटनास्थल और आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले. फुटेज में एक करीब 25 साल का युवक संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाया गया. पुलिस ने फुटेज को सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसके बाद जनता और पुलिस के आपसी सहयोग से आरोपी की पहचान प्रहलाद नाथ योगी के रूप में हुई.
आरोपी गिरफ्तार, छत्र बरामद
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रहलाद नाथ को पीडब्ल्यूडी चौराहे के पास एक होटल के सामने से हिरासत में लिया. तलाशी के दौरान उसके बैग से चोरी हुआ चांदी का छत्र बरामद हो गया. मंदिर के पुजारी राजाराम वैष्णव ने मौके पर ही छत्र की पहचान की, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. इस पूरी कार्रवाई में थानाधिकारी हंसपाल सिंह के साथ हेड कांस्टेबल श्रवण कुमार और कांस्टेबल कालूराम, महादेव सिंह, मूल सिंह, महेंद्र सिंह और गणपत की टीम ने सराहनीय कार्य किया.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Bhilwara News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!