&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Bhilwara Crime News: भीलवाड़ा जिले के पारोली थाना क्षेत्र के बागड़ा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक ने अपनी बुजुर्ग दादी की चिमटे से पीट-पीटकर हत्या कर दी. घटना रविवार सुबह करीब 8.30 बजे की है, जब 60 वर्षीय एजी देवी अपने घर में चूल्हे पर खाना बना रही थीं. तभी उनका पोता लालाराम (28) पुत्र रामलाल माली, जो गांव के धार्मिक स्थान पर भोपा के रूप में पूजा करता था, चिमटे के साथ घर में घुसा और दादी के सिर पर कई वार किए. चिमटे के प्रहार से एजी देवी का सिर फट गया और वे लहूलुहान होकर बेहोश हो गईं. परिजनों ने उन्हें तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
आरोपी की गिरफ्तारी और जांच
हादसे के बाद लालाराम मौके से भागकर गांव के मक्के के खेतों में छिप गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और करीब चार घंटे की तलाश के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. थाना प्रभारी प्रभाती लाल मीणा ने बताया कि लालाराम ने पूजा के दौरान इस्तेमाल किए गए चिमटे से वार किए. मृतका के बेटे कान्हा ने बताया कि उसने आरोपी को रोकने की कोशिश की, लेकिन लालाराम लगातार हमला करता रहा. पुलिस ने घटनास्थल से चिमटे को बरामद कर शव का पोस्टमॉर्टम करवाया है. मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
परिवार और गांव में शोक की लहर
घटना से गांव में सन्नाटा पसरा है. कान्हा ने बताया कि उनकी मां शांतिप्रिय महिला थीं और इस तरह की वारदात ने परिवार को तोड़ दिया. पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे मानसिक स्थिति या पारिवारिक विवाद की जांच की जा रही है. इस घटना ने स्थानीय लोगों में सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ा दी है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Ajmer News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!