Trending Photos

Bhilwara News: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में स्थित संगम इंडिया लिमिटेड प्लांट में गुरुवार दोपहर श्रमिकों ने जमकर हंगामा किया. कंपनी मैनेजमेंट पर बोनस भुगतान में वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए प्रदर्शनकारी श्रमिक अचानक बेकाबू हो गए और संगम इंडिया लिमिटेड प्लांट में जमकर तोड़फोड़ करने लगे. पुलिसकर्मियों के बीच-बचाव के प्रयासों के बावजूद आक्रोशित श्रमिकों ने पुलिस जीप पर पथराव कर दिया, जिससे जीप के शीशे टूट गए.
भीलवाड़ा में चित्तौड़ मार्ग पर स्थित एक प्लांट में तोड़फोड़ की घटना के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज करके उत्पात मचा रहे श्रमिकों को खदेड़ दिया. हमीरगढ़ थाना प्रभारी संजय गुर्जर ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में मदद की. पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करके श्रमिकों को प्लांट के बाहर खदेड़ दिया और इस मामले में लोगों को हिरासत में लिया है.
श्रमिक नेता देवेंद्र वैष्णव ने बताया कि संगम इंडिया लिमिटेड के प्रबंधन ने बोनस भुगतान और अटेंडेंस को लेकर जो वादे किए थे, उन पर अमल नहीं किया गया. इसी को लेकर श्रमिकों ने नाराजगी जताई और प्रदर्शन किया, लेकिन प्रदर्शन के दौरान हालात बिगड़ गए और तोड़फोड़ की घटना हुई.