&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Anupgarh News: राजस्थान के अनूपगढ़ क्षेत्र में घग्घर नदी का पानी लगातार बढ़ता जा रहा है. आज रविवार दोपहर करीब एक बजे घग्घर नदी का पानी अनूपगढ़ के गांव 35 ए में बनी भारत-पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बनी कैलाश पोस्ट के पास पहुंच गया है.
ग्राम पंचायत 27ए के सरपंच मनवीर सिंह ने बताया कि वही मजनू पोस्ट के पास बनी छोटी पोस्ट टेंट पोस्ट के पास से घग्घर नदी का पानी सायफन से होते हुए अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर बनी तारबंदी को पार कर पाकिस्तान की ओर जाने लगा है.
ग्रामीण सुरजीत सिंह ने बताया कि घग्घर नदी का पानी कल शनिवार की अपेक्षा आज रविवार को डेढ़ फीट तक बढ़ गया है. प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है. एसडीएम सुरेश राव के द्वारा घग्घर नदी के बहाव क्षेत्र का निरीक्षण किया जा रहा है.
लगातार बढ़ रहा है पानी
एसडीएम सुरेश राव ने बताया कि घग्घर नदी में लगातार पानी की आवक बढ़ती जा रही है. उन्होंने बताया कि आज सुबह तक जैतसर में घग्घर नदी का पानी 3078 क्यूसेक पहुंच चुका है और वही अनूपगढ़ में 2200 क्यूसेक पानी पहुंच चुका है. उन्होंने बताया कि इस बार अधिक पानी आने की संभावना है.
इसी संभावना के मद्देनजर घग्घर नदी के बहाव क्षेत्र के गांव पुराने बिंजोर और 28ए को खतरे के लिहाज से चिन्हित किया गया है. उन्होंने बताया कि घग्घर नदी के बहाव क्षेत्र से संबंधित पटवारियों विशेष रूप से निगरानी करने के लिए निर्देशित किया गया है.
ग्रामीणों में जल संसाधन विभाग के प्रति रोष
ग्रामीण बलराज सिंह ने बताया कि घग्घर नदी के बहाव क्षेत्र में प्रशासन के द्वारा कई बांध बनाए गए हैं. बनाए गए बांधो में से कई बंद काफी कमजोर हो चुके हैं. उन्होंने बताया कि इस समस्या से जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को अवगत भी करवाया जा चुका है लेकिन इतनी गंभीर समस्या होने के बावजूद भी विभाग के द्वारा इस समस्या की ओर बिल्कुल भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है. उन्होंने बताया कि ग्रामीण अपने ही स्तर पर बांधों को मजबूत करने में जुटे हुए हैं.
इन जगहों आए होते हुए घग्घर नदी पहुंचती है अनूपगढ़
भारतीय किसान संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष जसवंत सिंह चंदी ने बताया कि घग्घर नदी हिमाचल की शिवालिक पहाड़ियों से निकलती है. यह नदी चंडीगढ़, पंचकूला, सरदूलगढ़, संगरूर से होते हुए हरियाणा के सिरसा के ओटू हेड में पहुंचती है.
घग्घर नदी ओटू हेड से ऐलनाबाद से होते हुए टिब्बी क्षेत्र से राजस्थान में प्रवेश करती है. उन्होंने बताया कि यह नदी आईजीएनपी की 629 आरडी के नीचे बने घग्घर के सायफन से गुजरती हुई हनुमानगढ़ में प्रवेश करती है. घग्घर नदी हनुमानगढ़ से पीलीबंगा, सूरतगढ़, जैतसर, श्रीविजयनगर, रामसिंहपुर से होते हुए अनूपगढ़ पहुंचती है.
घग्घर नदी भारत-पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बनी मजनू पोस्ट के पास अंतरराष्ट्रीय सीमा को छूते हुए अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बसे चक 35ए में बनी भारत की पोस्ट कैलाश पोस्ट से पाकिस्तान में प्रवेश करती है. घग्घर नदी का पानी पाकिस्तान से होते हुए भारत की चित्रकूट पोस्ट से भारत मे प्रवेश करता है और घग्घर नदी के अंतिम छोर भेड़ताल में पहुंचता है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Anupgarh News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!