&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Anupgarh News: राजस्थान के अनूपगढ़ क्षेत्र में शुक्रवार को हुई बरसात व्यवस्थाओं की पोल खोलती हुई नजर आ रही है. बरसात को हुए 2 दिन बीत जाने के बाद भी अनूपगढ़ के सरकारी जिला अस्पताल में बरसात का पानी आज भी रुका हुआ है.
जिला अस्पताल परिसर में बरसात के रुके पानी के कारण मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. मरीजों को पानी में से होकर अस्पताल में जाना पड़ रहा है. वहीं, अस्पताल में बने मोर्चरी रूम की ओर भी बरसात का पानी जमा होने के कारण वहां शव को ले जाने में काफी परेशानी हो रही है.
बरसात का पानी रुकने के कारण एक शव का पोस्टमार्टम करने के लिए डॉक्टर मुरलीधर कुमावत को अस्पताल की दीवार पर से होकर मोर्चरी रूम तक जाना पड़ा. हालांकि जिला अस्पताल प्रशासन ने कई बार इस समस्या से प्रशासन को अवगत करवाया है लेकिन अभी तक बरसात के पानी की निकासी नहीं की गई है.
इस मामले में डॉ मुरलीधर कुमावत ने बताया कि एक वृद्ध व्यक्ति की मौत हो गई थी. परिजनों के द्वारा शव का पोस्टमार्टम करवाया जाना था. परिजन शव को जीप में लेकर मोर्चरी में ले गए लेकिन मोर्चरी रूम के पास बरसात का पानी जमा होने के कारण मोर्चरी रूम तक जाने का रास्ता नहीं था. डॉ. कुमावत ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करने के लिए उन्हें दीवार पर चढ़कर मोर्चरी रूम तक जाना पड़ा.
पीडब्यूडी विभाग के द्वारा अस्पताल के सामने सड़क का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है लेकिन यह कार्य काफी धीमी गति से हो रहा है. इस कारण से बरसात के पानी की निकासी की व्यवस्था सुचारू नहीं है. जिला अस्पताल के प्रभारी डॉ. मुरलीधर कुमावत ने बताया कि पानी निकासी की समस्या से प्रशासन को अवगत करवाया गया है.
बता दें कि अनूपगढ़ क्षेत्र में शुक्रवार सुबह 11 बजे तक 8 घण्टे लगातार बरसात हुई थी. बरसात को हुए 50 घण्टे बीत जाने के बाद भी बरसात का पानी जिला अस्पताल परिसर में जमा होने के कारण मरीजों को काफी समस्या का सामना करना पड़ा. जिला अस्पताल में आये एक मरीज के परिजन राकेश कुमार ने बताया कि उन्हें अस्पताल में जाने के लिए पानी से होकर गुजरना पड़ा.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Anupgarh News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!