&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Sadulpur, Churu News: मानसून की पहली बारिश के बाद सादुलपुर शहर में जलभराव और गंदगी की स्थिति को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया है. मंगलवार को नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राकेश कुमार अरोड़ा ने शहर के विभिन्न हिस्सों का दौरा कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया.
इस दौरान ईओ ने उन स्थानों पर विशेष रूप से ध्यान दिया, जहां बारिश के पानी की निकासी में समस्या आ रही थी या गंदा पानी जमा हो रहा था. निरीक्षण के दौरान साफ देखा गया कि नगर पालिका की ओर से लगाए गए अस्थायी कर्मचारी नालों में उतरकर खुद सफाई कार्य कर रहे हैं.
नगर पालिका द्वारा ड्रेनेज सिस्टम से गंदगी हटाने का काम युद्ध स्तर पर शुरू किया गया है. ईओ राकेश कुमार आरोड़ा ने स्थानीय नागरिकों से अपील की कि यदि किसी स्थान पर गंदा पानी जमा होता है या जलभराव की स्थिति बनती है तो वे तुरंत नगर पालिका को सूचना दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके.
उन्होंने कहा कि बारिश के इस मौसम में साफ-सफाई को प्राथमिकता दी जा रही है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. नगर पालिका की ओर से शहर के लगभग 10 से 12 किलोमीटर के दायरे में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान के तहत मुख्य सड़कों, गलियों, सार्वजनिक स्थानों, नालों और नालियों की साफ-सफाई की जा रही है.
अधिशासी अधिकारी ने बताया कि जलभराव की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए नगर पालिका की ओर से विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो नियमित रूप से निरीक्षण कर रही है. साथ ही, सफाई व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में भी काम किया जा रहा है.
निरीक्षण के दौरान महेन्द्र सिंह झाझड़िया, राकेश कुमार धायल समेत कई अधिकारी और वार्ड पार्षद मौजूद रहे. आमजन ने भी नगर पालिका की इस तत्परता की सराहना की और उम्मीद जताई कि मानसून के पूरे सीजन में इसी प्रकार नगर प्रशासन सक्रिय रहेगा.
Reporter-Navratan Prajapat
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Latest Rajasthan News हर पल की जानकारी। राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!