सुजानगढ़ में बाढ़ से हाहाकार! 7 दिन से इलाके में भरा पानी ही पानी

Sujangarh, Churu News: चूरू जिले का सुजानगढ़ शहर पिछले एक सप्ताह से भारी बारिश के बाद बाढ़ जैसी स्थिति से जूझ रहा है. इलाकों में दो से तीन फीट तक पानी भर चुका है, जिससे सैकड़ों परिवार प्रभावित हुए हैं. 
 

सुजानगढ़ में बाढ़ से हाहाकार! 7 दिन से इलाके में भरा पानी ही पानी
Image Credit: Churu News

Sujangarh, Churu News: सुजानगढ़ शहर इन दिनों एक गंभीर आपदा से जूझ रहा है. बीते रविवार को हुई भारी बारिश को सात दिन बीत चुके हैं, लेकिन शहर के नाथो तालाब बास, होली धोरा, दुलिया बास और भौजलाई बास जैसे इलाके आज भी पानी में डूबे हुए हैं. सैंकड़ों परिवारों के घरों में बरसाती पानी न सिर्फ कमरों और रसोई तक पहुंच गया है, बल्कि अब बदबू मारने लगा है, जिससे जनजीवन नारकीय हो चुका है.

शहरवासियों की हालत बयां करती है, यह सिर्फ एक बारिश नहीं, बल्कि प्रशासन की अव्यवस्थाओं और नीति विफलताओं की पोल खोल रही है.

Add Zee News as a Preferred Source

अव्यवस्थित आपदा प्रबंधन, असंवेदनशील रवैया
हालात यह हैं कि कई मोहल्लों में दो से तीन फीट तक पानी जमा है. अब तक 40 से अधिक परिवार सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने को मजबूर हो चुके हैं, जबकि कई परिवार चाह कर भी घर नहीं छोड़ पा रहे. पानी में डूबे घरों की दीवारें दरक गई हैं, लेकिन मजबूरी में लोग उनमें रहने को विवश हैं.

प्रशासन के दावे सिर्फ कागजों तक सीमित हैं. पंप आए तो केबल नहीं मिली, केबल आई तो पाइप नहीं मिला. जल निकासी जैसे जरूरी कार्य में सुस्ती का आलम यह रहा कि सालासर से पंप मंगवाने में एक सप्ताह लग गया.

जनता में चर्चा है कि उपखंड अधिकारी (एसडीएम) का पूरा ध्यान एफसीआई गोदाम से पानी निकालने में लगा है, जहां सड़ा हुआ अनाज पड़ा है-जबकि बाढ़ में फंसे लोगों की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा.

स्थानीय प्रशासन पूरी तरह फेल
सुजानगढ़ ही चूरू जिले का एकमात्र शहर है, जो इस समय बाढ़ जैसे हालात से जूझ रहा है. जिला कलेक्टर की ओर से मॉनिटरिंग की जा रही है, लेकिन स्थानीय प्रशासन की निष्क्रियता के चलते लोगों को राहत नहीं मिल पा रही. शहर के लोग अब कलेक्टर से अपील कर रहे हैं कि वे स्वयं सुजानगढ़ आकर हालात की निगरानी करें, जिससे राहत कार्यों में तेजी आ सके.

मानवता कराह रही, बुनियादी जरूरतें भी पूरी नहीं
प्रभावित इलाकों में हालात इतने खराब हैं कि कई घरों में खाना-पीना तक समाप्त हो गया है. बिस्तर और कपड़े भीग चुके हैं. महिलाओं और बुजुर्गों ने आरोप लगाया है कि प्रशासन ने अब तक कोई पूछताछ तक नहीं की. यह एक प्रकार से अनकहा लॉकडाउन है, जिसमें लोग अपने ही घरों में बंद हैं-बिना किसी सहायता के.

यह आपदा न केवल मौसम की मार है, बल्कि सुजानगढ़ प्रशासन की लापरवाही और असंवेदनशीलता की एक जीती-जागती मिसाल बन गई है. अब जनता की आखिरी उम्मीद जिला प्रशासन पर टिकी है. क्या प्रशासन उन्हें बरसाती कैद से आजादी दिला पाएगा, या फिर यह इंतजार और लंबा होगा-यह आने वाला समय बताएगा.

राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Churu News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!

ट्रेंडिंग न्यूज़

About the Author

Zee Rajasthan Web Team

Zee Rajasthan Web Team

जी राजस्थान डिजिटल राजस्थान की हर हलचल पर पैनी नज़र, सबसे सटीक, विश्वसनीय और तेज़ खबरों के लिए बने रहें. राजस्थान के आपके अपने डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म के साथ यहां पढ़ें अपने जिले की खबरें - https://zeenews.india.com/hindi/india/rajasthan खबरों के साथ जुड़े रहने के लिए हमें फॉलो करें
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो