Trending Photos

Bikaner News: जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक आयोजित की गई. जिला प्रमुख मोडाराम मेघवाल की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में ग्रामीण विकास और पंचायतीराज विभाग के विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा व नये कार्यों का अनुमोदन किया गया.
बैठक में मरनरेगा के तहत प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, व्यक्तिगत लाभ के कार्य,एन आर एल एम व ग्रामीण अवसंरचना के कार्यों के प्रस्ताव पारित किए गए. जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि ने कहा कि विकास कार्यों को समयबद्ध पूर्ण करवाया जाए. उन्होंने नियमानुसार गुणवत्ता के साथ काम करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा विभिन्न कार्यों को करने में संबंधित विभाग समन्वय करें.
मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहन लाल ने बताया कि महानरेगा की वार्षिक कार्ययोजना वर्ष 2024-25 में 30 हजार 886 कुल कार्य स्वीकृत किए गए, जिसमें श्रम मद में 1180.76 करोड़ व सामग्री मद में 673.86 करोड़ के 1854.55 करोड़ रुपये की कार्ययोजना का अनुमोदन सदस्यों की सहमति से किया गया. बैठक में जिला पंचायत विकास योजना का भी अनुमोदन किया गया.
पढ़ें बीकानेर की एक और खबर
राजस्थान के बीकानेर के नयाशहर थाना क्षेत्र में युवक द्वारा सुसाइड करने का मामले में मृतक के पिता ने प्रकरण की उच्च अधिकारी से जांच करवाने की मांग को लेकर शव लेने से इनकार कर दिया है.
मृतक के पिता रमेश पांडिया का कहना है कि नयाशहर थाने में पदस्थापित किसी भी पुलिसकर्मी से वे जांच नहीं करवाना चाहते, एसपी किसी अन्य उच्चाधिकारी से प्रकरण की जांच करवाएं, तभी शव लिया जाएगा, अन्यथा नहीं.
जस्सुसर गेट क्षेत्र के पोस्ट ऑफिस के पास रहने वाले मृतक के पिता रमेश पांडिया ने चार लोगों पर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करवाया है. परिवादी ने सब्जी मंडी के पीछे रहने वाले महावीर प्रसाद सोनी, ज्योति सोनी, देवकी सोनी, वीरेन्द्र कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है.
घटना 20 फरवरी दोपहर की दो से तीन बजे के बीच की है. परिवादी ने बताया कि उसके बेटे दिनेश पांडिया ने परेशानी की वजह से फांसी लगा ली. आरोपी लगातार उसके पुत्र को परेशान कर रहे थे और ब्लैकमेल कर रहे थे, जिसके चलते उसके बेटे ने यह कदम उठाया.