Hanumangarh News: हनुमानगढ़ जिला कारागृह में बंद पति के लिए निषेध सामग्री फेंकते पकड़ी गई महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. महिला के पास से मोबाइल, बीड़ी, जर्दा व अन्य सामग्री मिली.
Trending Photos

Rajasthan News: राजस्थान के हनुमानगढ़ जिला कारागृह में बंद अपने पति के लिए जेल की दीवार के ऊपर से निषेध सामग्री फेंकते समय पकड़ में आई महिला को जंक्शन पुलिस ने आज पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया. अब मौके से फरार हुए युवक की तलाश में जुटी है.
बाइक सवार मौके से हुआ फरार
जांच अधिकारी एएसआई कृष्ण लाल बिश्नोई ने बताया कि जिला कारागार के प्रहरी रामधन मीणा ने 12 अप्रैल को मुकदमा दर्ज कराया कि 11 अप्रैल की शाम को एक युवक व महिला बाइक पर सवार होकर जिला कारागार की दीवार के पास आए. इन्होंने एक बंद पैकेट दीवार के ऊपर से जेल परिसर के अंदर फेंक दिया. इन्हें बंद पैकेट फेंकते जेल की सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों ने देख लिया. वे दोनों वहां से फरार होते इससे पहले जेल कर्मचारियों ने शकुंतला नामक महिला को मौके से दस्तयाब कर लिया, जबकि उसका साथी बाइक छोड़कर भाग गया.
बंद पैकेट में मिली कई प्रतिबंधित वस्तुएं
जेल में फेंके गए बंद पैकेट को कब्जे में लेकर खोला तो उसमें से तीन मोबाइल फोन, तीन डाटा केबल, बीड़ी के पांच बंडल, नौ गणेश छाप जर्दा, चूने की आठ ट्यूब और दो पाउच जर्दा के मिले. तीनों मोबाइल फोन में प्रीपेड सिम कार्ड डले हुए थे.
पैकेट फेंकने से पहले पति से की थी मुलाकात
पकड़ी गई महिला शकुन्तला मेघवाल जंक्शन ने पूछताछ में बताया कि उसने यह प्रतिबंधित सामग्री जेल में बंद अपने पति मुकेश कुमार के लिए फेंकी थी जो एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में जेल में बंद है. उसके साथ उसके पति का दोस्त विनोद निवासी शेरेकां पीएस टिब्बी था. जांच अधिकारी के अनुसार शकुंतला ने निषेध सामग्री जेल में फेंकने से पहले 11 अप्रैल को अपने पति से मुलाकात भी की थी. शकुन्तला व विनोद के खिलाफ बीएनएस की धारा व कारागार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की.
रिपोर्टर- विश्वास कुमार