दो साल के बच्चे के साथ दर्दनाक हादसा, गर्म दूध गिरने से झुलसा मासूम

Rajasthan Accident: बीकानेर जिले के पांचू थाना क्षेत्र के साईसर इलाके में एक दो वर्षीय मासूम के ऊपर गर्म दूध गिरने से वह बुरी तरह से झुलस गया.

दो साल के बच्चे के साथ दर्दनाक हादसा, गर्म दूध गिरने से झुलसा मासूम
Image Credit:

Rajasthan Accident: राजस्थान के बीकानेर जिले में आज एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया. पांचू थाना क्षेत्र के साईसर इलाके में एक दो वर्षीय मासूम के ऊपर गर्म दूध गिर गया, जिससे वह बुरी तरह से झुलस गया.

बताया जा रहा है कि घर में अचानक गर्म दूध गिरने से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. परिवार के लोग आनन-फानन में बच्चे को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर मासूम को तुरंत बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया.

चिकित्सकों के अनुसार बच्चा करीब 70 प्रतिशत तक झुलस चुका है और उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है. फिलहाल डॉक्टरों की टीम मासूम के इलाज में जुटी हुई है. घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इलाके में भी इस हादसे को लेकर दुख और सन्नाटा पसरा हुआ है. पुलिस भी मामले की जानकारी जुटा रही है.

पढ़ें एक और बड़ी खबर

झालावाड़ जिले के असनावर थाना क्षेत्र के जूनाखेड़ा रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक पर से गुजर रहा एक व्यक्ति पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गया. गंभीर घायल रामप्रसाद निवासी गादियाकुंड को परिजन जिला अस्पताल लाए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. परिजनों ने बताया कि रामप्रसाद कानों से कम सुनता था, शायद इसी कारण ट्रेन की आवाज नहीं सुन पाया और हादसे का शिकार हो गया.

मामले में जानकारी देते हुए असनावर थाना पुलिस ने बताया कि सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के जूनाखेड़ा स्टेशन के रेलवे ट्रैक पर कोई व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया है. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और और घायल को लेकर जिला अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया.

मृतक रामप्रसाद समीप के ही गादियाकुंड का निवासी था, जो आज सुबह बकरियां चराने के लिए घर से निकला था. जंगल में बकरियां चराने के दौरान संभवतया वह रेलवे ट्रैक पार कर रहा होगा. इस दौरान पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में ले लिया है.

Reporter- Raunak Vyas

ट्रेंडिंग न्यूज़

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Aman Singh