Churu News: राजस्थान के सादुलपुर की रहने वाली अंशिका ने तमिलनाडु में आयोजित 25वीं राष्ट्रीय सब-जूनियर इशू प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया और गोल्ड मेडल जीतकर राज्य और देश का नाम रोशन किया.
&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Sadulpur, Churu News: राजस्थान के सादुलपुर के सिद्धमुख क्षेत्र के कलाल कोरड़ा की अंशिका पुत्री हीरानंद ने तमिलनाडु में आयोजित 25वीं राष्ट्रीय सब-जूनियर इशू प्रतियोगिता में 36 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता और पूरे इलाके का नाम रोशन किया है.
प्रतियोगिता में देशभर से विभिन्न राज्यों की प्रतिभागियों ने भाग लिया था लेकिन अंशिका ने अपने बेहतरीन कौशल और दमदार प्रदर्शन से सभी को पीछे छोड़ते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया. अंशिका का सादुलपुर पहुंचने पर पूर्व विधायक एवं पद्मश्री सम्मानित डॉ. कृष्णा पूनियाँ के नेतृत्व में भव्य स्वागत किया गया. ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और मिठाइयों से अपनी लाडली बेटी का जोरदार अभिनंदन किया.
अंशिका के सम्मान में पूरे गांव ने गौरव और गर्व का अनुभव किया. इस अवसर पर डॉ. कृष्णा पूनिया ने कहा कि अंशिका जैसी बेटियां आज ग्रामीण भारत की असली शक्ति बनकर उभर रही हैं. यह केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं है, बल्कि यह पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है. हमें अपनी बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए ताकि वे हर क्षेत्र में नाम कमा सकें.
कोच चिंकित शर्मा ने बताया कि अंशिका शुरू से ही मेहनती और अनुशासित खिलाड़ी रही हैं. उसकी सफलता के पीछे उसकी कड़ी मेहनत, परिवार का सहयोग और प्रशिक्षण का बड़ा योगदान है. अंशिका की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे गांव में खुशी का माहौल है. गांववासियों ने कहा कि अंशिका ने सिद्धमुख गांव का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है.
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सरपंच धर्मपाल, अंशिका के कोच, रामकुमार मुहाल, जगदीश मास्टर, बलवान पूनियां, रामेश्वर पूनिया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. साथ ही अंशिका के परिजन और सैकड़ों ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया.
Reporter- Navratan Prajapat
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Latest Rajasthan News हर पल की जानकारी। राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!