Bikaner News: बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में आपसी झगड़े के दौरान एक युवक पर खौलता तेल फेंक दिया गया. पुलिस ने पीड़ित के रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
Trending Photos

Rajasthan News: राजस्थान के बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ कस्बे में शुक्रवार को मुख्य बाजार में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. आपसी झगड़े के दौरान कुछ बदमाशों ने एक युवक पर खौलता हुआ गर्म तेल उड़ेल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया. घायल युवक को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. घटना से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को मौके पर बुलाया गया.
)
पीड़ित युवक मोमासर बास निवासी राजू कुंजड़ा ने बताया कि वह घूम चक्कर के पास अपने ठेले पर बड़े-पकौड़े बनाकर गुजारा करता है. शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे जब वह अपने ठेले पर काम कर रहा था, उसका बड़ा भाई साबिर भी उसके साथ मौजूद था. उसी दौरान चार से पांच युवक आए और ठेले के आगे पीपे लगाकर अतिक्रमण करने लगे. विरोध करने पर झगड़ा शुरू हो गया और उन युवकों ने राजू व साबिर के साथ मारपीट शुरू कर दी.
राजू के अनुसार, आरोपियों ने थप्पड़, मुक्कों और लाठियों से उन पर हमला किया. जब पास के अन्य ठेला संचालकों ने बीच-बचाव किया, तो एक आरोपी ने राजू पर खौलता हुआ तेल डाल दिया. इस हमले में राजू का पेट और हाथ गंभीर रूप से झुलस गए. पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने बाद में और लोगों को बुलाकर जान से मारने की धमकी भी दी.
राजू ने पुलिस को दी शिकायत में चार हमलावरों के नाम भी बताए हैं और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और नामजद आरोपियों की तलाश में जुट गई है. शुरुआती पूछताछ के बाद एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है.