&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Bikaner Crime News: राजस्थान के बीकानेर में कांग्रेस नेता धनपत चायल और उनके भाई व्यापारी सुखदेव चायल के घर पर बदमाशों ने गोलियों की बौछार कर सनसनी फैला दी. देर रात करीब 4 बजे हुई इस वारदात में बदमाशों ने करीब सात राउंड फायरिंग की. फायरिंग से घर के कांच टूट गए और दरवाजों व दीवारों पर गोलियों के निशान साफ देखे जा सकते हैं. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
लॉरेंस गैंग से जुड़े गैंगस्टर हैरी बॉक्सर ने ली जिम्मेदारी
इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग से जुड़े गैंगस्टर हैरी बॉक्सर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर ली है. उसने लिखा कि यह सिर्फ एक छोटी सी चेतावनी है, आगे अगर बात नहीं मानी गई तो सीधे सीने में गोली मारी जाएगी. पोस्ट में हैरी बॉक्सर और उसके साथी सुंदर हंसी ने मिलकर इस हमले को करवाने की बात कबूल की है.
एडिशनल एसपी सौरभ तिवाड़ी पहुंचे मौके पर
घटना के तुरंत बाद एडिशनल एसपी सौरभ तिवाड़ी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने गोलियों के निशान और अन्य साक्ष्य जुटाए. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में हेलमेट पहने दो युवक बाइक पर आते और फायरिंग करते दिखे हैं. फुटेज में गोलियों की आवाज भी सुनाई दी है.
क्या बोले कांग्रेस नेता?
धनपत चायल ने बताया कि कुछ दिन पहले उनके पास एक फोन आया था. कॉल करने वाले ने खुद को कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा बताया और 5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी. उसने यह भी धमकी दी थी कि परिवार की हर गतिविधि पर उसकी नजर है और रकम नहीं दी गई तो जान से मार दिया जाएगा.
पुलिस ने भी तेज की कार्रवाई
इसी बीच पुलिस की कार्रवाई भी तेज हुई है. बीकानेर जिले के लूणकरणसर क्षेत्र में पुलिस ने रोहित गोदारा के पैतृक घर पर दबिश दी और परिजनों से पूछताछ की. इस दौरान कई थानों की पुलिस और भारी फोर्स मौके पर मौजूद रही.
पुलिस ने पहले दो बदमाश किए थे गिरफ्तार
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही बीकानेर पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया था. उनके पास से चार पिस्टल और बारह जिंदा कारतूस बरामद हुए थे. उस समय भी पुलिस ने दावा किया था कि ये रोहित गोदारा के लोग हैं और बड़ी वारदात की योजना बना रहे थे. अब चायल परिवार पर हुई फायरिंग को पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश माना जा रहा है. इस घटना ने एक बार फिर बीकानेर में गैंगवार और रंगदारी नेटवर्क के सक्रिय होने की तस्वीर सामने ला दी है. पुलिस लगातार जांच में जुटी है और बदमाशों की तलाश जारी है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Bikaner News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!