&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Bikaner News: बीकानेर पुलिस को अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सागर के निर्देश पर जिला विशेष टीम (DST) और खाजूवाला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से 2 पिस्टल और 4 मैगजीन बरामद की गई हैं.
मध्य प्रदेश से होती थी सप्लाई
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तस्कर की पहचान मध्य प्रदेश निवासी सिवा के रूप में हुई है. शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि सिवा, बज्जू थाना के हिस्ट्रीशीटर श्रवण सोडा के साथ मिलकर हथियारों की सप्लाई करता था. पुलिस ने श्रवण की गैंग से जुड़े एक अन्य युवक समीर को भी एक अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है.
2 माह पहले ही जेल से बाहर आया था श्रवण
यह भी पता चला है कि श्रवण सोडा को 2024 में 12 अवैध हथियार और 40 राउंड के साथ पकड़ा गया था, लेकिन वह केवल दो महीने पहले ही जेल से बाहर आया है. इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब मुख्य आरोपी श्रवण सोडा और उसके साथी एचएस राजेश तरड की तलाश में जुटी हुई है.
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सागर के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौरभ तिवाड़ी के नेतृत्व में की गई. इस सफल ऑपरेशन में डीएसटी प्रभारी धीरेन्द्र सिंह, खाजूवाला थानाधिकारी सुरेन्द्र प्रजापत और साइबर सेल के एएसआई दीपक यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
पढें बीकानेर की एक और खबर..
बारिश से मकान की छत गिरी
बीकानेर के खाजूवाला में कल देर रात हुई तेज बारिश से एक मकान की छत गिर गई, जिससे दो महिलाएं मलबे के नीचे दब गईं. यह हादसा दंतोर थाना क्षेत्र के 20 केएलडी गांव में आशाराम बावरी के घर हुआ.
महिला की मौत
ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और दोनों महिलाओं को मलबे से बाहर निकाला. सूचना मिलते ही दंतोर पुलिस भी मौके पर पहुंची. दोनों घायलों को दंतोर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया. दुर्भाग्यवश, उपचार के दौरान एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी का इलाज जारी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Bikaner News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!