&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Sri Ganganagar News: अनूपगढ़ शहर और ग्रामीण क्षेत्र में रात करीब दो बजे से लगातार तेज बरसात का दौर जारी है. रात से हो रही बरसात के बाद अब तक करीब 140 एमएम बरसात शहर में हो चुकी है. जिस कारण शहर की अधिकतम गलियों में पानी भर गया है और आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बरसात के कारण वार्ड 29 में एक घर मे दरार आ गई और वहीं गांव 71 जीबी में एक घर की दीवार गिर गई. बाजार में भी 2 दुकानों के छज्जे गिर गए.
अधिकारी सुरक्षा के बंदोबस्त में जुड़े
एसडीएम सुरेश राव, तहसीलदार श्रीवर्धन शर्मा और एसएचओ ईश्वर जांगिड़ सुबह से ही क्षेत्र में सुरक्षा के बंदोबस्त में जुटे हुए हैं. एसएचओ ईश्वर जांगिड़ के द्वारा आमजन से घरों में रहने की अपील की जा रही है. एसडीएम सुरेश राव ने आमजन से सावधानी बरतने की अपील की है. जानकारी के अनुसार शहर के प्राचीन गढ़ की एक बुर्जी भरभरा कर गिर गई. सारा मलबा सड़क जाम हो गई. मिस्त्री मार्किट में दो दुकानो के छज्जे गिर गए. 33 ए के पास के ए वितरिका में कटाव आ गया.
घरों में आई दरार
स्थिति यह है कि वार्ड नंबर 11 में एक खाली प्लाट की दीवारें ढह गई. तो वहीं वार्ड नंबर 29 में एक घर के कमरों में दरारें आ गई तथा छत से पानी टपकने लगा. इस पर वार्ड नंबर 29 के पार्षद मुराद खान ने तुरंत घर खाली करवा कर मकान मालिक के परिवार को अन्य जगहों पर शिफ्ट किया. मुराद खान ने बताया कि पुन्नू खान पुत्र बप्पा खान निवासी वार्ड नंबर 29 अपने परिवार के साथ दो कमरों के मकान में रहता है. अत्यधिक बरसात होने के कारण उसके मकान में दरारें आ गई है. जिस कारण एक बार के लिए उन्हें अपना घर छोड़ना पड़ा है. उन्होंने कहा कि यह परिवार प्रतिदिन मजदूरी करके अपना लालन पोषण करता है. जिस कारण उन्होंने प्रशासन से भी मांग की है कि इस परिवार की आर्थिक रूप से सहायता प्रदान कर मकान की स्थिति को सही करवाया जाए.
गलियों में पानी भरा लबालब
शहर में लगातार हो रही बरसात के बाद पुलिस थाना रोड, गौरव पथ, वेयरहाउस रोड, प्रेम नगर, वार्ड नंबर 24, वार्ड नंबर 17, वार्ड नंबर 27, वार्ड नंबर 21 सहित विभिन्न वार्डों की गलियों में पानी लबालब भर गया है. हालत यह है कि कोई भी व्यक्ति अपने घरों से बाहर नहीं निकल पा रहा और छोटे वाहन चालकों को भी समस्या का सामना करना पड़ रहा है. वहीं नगर पालिका प्रशासन भी पानी निकासी की व्यवस्था में जुटा हुआ है, परंतु बरसात नहीं रुकने के कारण पानी निकासी के लिए कोई भी स्थान अब खाली नहीं रह गया है.
पीडब्ल्यूडी की लापरवाही आमजन पर भारी
पीडब्ल्यूडी विभाग की लापरवाही के चलते थाना रोड का समय से निर्माण नहीं हो पाया, जिसका खामियाजा भी आज आमजन भुगत रहा है. वहीं कृषि विभाग के सहायक निदेशक (कृषि विस्तार) जसवंत सिंह बराड़ ने बताया कि इतनी बारिश धान की फसल को छोड़कर सभी फसलों के लिए अब नुकसानदायक है. उन्होंने बताया कि हाल ही में ही फसलों को नहर का पानी मिला था, जिस कारण अब केवल 1 घंटे की हल्की बरसात की ही फसलों को आवश्यकता थी. परंतु अत्यधिक बरसात से अब नरमे व मूंग की फसल को भी भारी नुकसान होने की संभावना है. उन्होंने बताया कि इससे भी अधिक नुकसान की संभावना जीबी बेल्ट के किसानों के लिए है, क्योंकि इस क्षेत्र में बारिश के पानी का ठहराव अधिक समय के लिए रहता है.
जिला कलेक्टर ने स्कूलों व आंगनबाड़ियों में अवकाश घोषित किया
रात करीब 1 बजे से लगातार हो रही बरसात के बाद जिला कलेक्टर डॉक्टर मंजू ने आपातकालीन स्थिति को देखते हुए स्कूलों में आंगनबाड़ियों में आज एक दिन के लिए अवकाश घोषित कर दिया है. इस बीच स्कूल स्टाफ स्कूल में मौजूद रहेगा. वही थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ द्वारा भी शहर वासियों से अपील की जा रही है कि कोई भी व्यक्ति अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकले तथा सुरक्षित स्थान पर ही रहे. उन्होंने कहा कि शहर में पानी भर गया है जिस कारण परिजन विशेष रूप से बच्चों का ध्यान रखें तथा घर से बाहर ना भेजें. इसके लिए उन्होंने अनूपगढ़ पुलिस थाने का हेल्प डेस्क नंबर भी सांझा करते हुए कोई भी आपातकालीन की स्थिति की सूचना 01498252062 पर देने की अपील की है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Sri Ganganagar News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!