&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Sri Ganganagar News: एक तरफ पंजाब में बाढ़ से जलप्रलय की स्थिति बनी हुई है, जिससे डूबता पंजाब बेहिसाब तबाही झेल रहा है, वहीं दूसरी ओर पंजाब से सटे राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के गजसिंहपुर में पिछले छह महीने से ऐतिहासिक जल संकट बरकरार है. पेयजल संकट और दूषित पानी की आपूर्ति से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. आक्रोशित लोगों ने वाटर वर्क्स के आगे धरना देकर विभागीय ढांचे में सुधार की मांग की.
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि हालात नहीं सुधरे तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा. एईएन अमरजीत सिंह ने बताया कि गजसिंहपुर का प्रपोजल सरकार ने मॉडल मानते हुए प्राथमिकता से स्वीकृत किया है, जिसके आधार पर राज्यभर में योजनाएं लागू की जाएंगी. जलदाय केंद्र की आश्वासन के बाद नागरिक संघर्ष समिति ने फिलहाल धरना स्थगित कर दिया, लेकिन चेतावनी दी कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन फिर शुरू किया जाएगा.
गजसिंहपुर में स्थिति यह है कि लोग सेप्टिक टैंक में पानी स्टोर कर उपयोग करने को मजबूर हैं. दो वर्षों से ओवरहेड टैंक की सफाई नहीं हुई है. 1972 में बनाए गए वाटर वर्क्स की डिग्गियों की भी आज तक सफाई नहीं की गई, जिनमें 5 से 6 फीट तक गाद भरी हुई है. तीन डिग्गियों में कुल 2800 हजार लीटर पानी स्टोर किया जा सकता है, लेकिन गाद के कारण केवल 1500 हजार लीटर पानी ही संग्रह हो रहा है, जिससे 1300 हजार लीटर की कमी बनी हुई है और दक्षिणी वार्डों की 40% आबादी प्रभावित हो रही है.
प्रदर्शनकारी राकेश शर्मा ने बताया कि पूर्व मंत्री गुरमीत सिंह कुन्नर ने जल समस्या के लिए 18 करोड़ रुपये स्वीकृत करवाए थे, जिसे भजनलाल सरकार ने घटाकर 5 करोड़ कर दिया. इससे 1972 जैसे हालात फिर पैदा हो गए हैं और लोग गंदा पानी पीने को मजबूर हैं. एईएन अमरजीत सिंह ने बताया कि 455 लाख की लागत से निर्माण कार्य को स्वीकृति दी गई है और दीपावली के आसपास नहरों में स्थिरता आने पर काम शुरू किया जाएगा.
जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, गजसिंहपुर की पेयजल योजना को अटल मिशन फॉर रेजुवनेशन एंड अर्बन ट्रांसफॉर्मेशन के तहत मॉडल बिड डॉक्यूमेंट के रूप में राज्य स्तर पर अपनाया गया है. यह आदेश छठी और सातवीं राज्य स्तरीय तकनीकी समिति की बैठक में अनुमोदन के बाद जारी किया गया. आंदोलनकारियों ने कहा कि धरना स्थगित किया गया है, लेकिन निगरानी जारी रहेगी.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Sriganganagar News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!