&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Bikaner Accident News: जिले के लूणकरणसर सहजरासर के पास भारतमाला सड़क मार्ग पर रविवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया. यहां दो ट्रकों की भीषण भिड़ंत में एक ड्राइवर की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद ट्रक में अचानक आग लग गई और ड्राइवर जिंदा जल गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से आ रहा ट्रक तेज रफ्तार में आकर जा भिड़ा. टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीछे वाला ट्रक तुरंत आग की लपटों में घिर गया. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ड्राइवर बाहर निकल नहीं सका. मौके पर ही उसकी जलकर मौत हो गई.
मौके पर पहुंची टाइगर फोर्स और पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही कालू पुलिस और टाइगर फोर्स की टीम मौके पर पहुंची. टाइगर फोर्स के सदस्यों ने नजदीकी टैंकरों की मदद से पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की और एक अन्य ट्रक को जलने से बचा लिया.
फायर ब्रिगेड और क्रेन की कमी से गई जान
गंभीर सवाल यह है कि नजदीकी टोल प्लाज़ा पर न तो फायर ब्रिगेड की सुविधा उपलब्ध थी और न ही हाइड्रा क्रेन की व्यवस्था. समय पर अग्निशमन वाहन पहुंचता तो ड्राइवर की जान बचाई जा सकती थी लेकिन संसाधनों की कमी के कारण वह लपटों में घिरा रहा और मदद नहीं मिल सकी.
भारतमाला सड़क पर सुरक्षा पर उठे सवाल
यह हादसा भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत बनी सड़क पर हुआ है. जिस तरह से बड़े वाहनों का आवागमन इस मार्ग पर बढ़ा है, उसी तरह आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता न होना गंभीर लापरवाही मानी जा रही है. स्थानीय लोग और सामाजिक संगठन अब जिम्मेदार एजेंसियों से सवाल कर रहे हैं कि आखिर इतनी बड़ी सड़क परियोजना पर फायर ब्रिगेड और बचाव संसाधनों की व्यवस्था क्यों नहीं है?
लूणकरणसर का यह हादसा न सिर्फ एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना है बल्कि यह सिस्टम की लापरवाही और आपदा प्रबंधन की खामियों को भी उजागर करता है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan Newsऔर पाएं Bikaner Newsकी हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!