Chittorgarh News: चित्तौड़गढ़ में रिटायर्ड ASI के बेटे अजय सिंह झाला की हत्या का मामला सुलझ गया! पुलिस ने जैसलमेर से 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया. बजरी विवाद की दुश्मनी से जुड़ी थी हत्या. चित्तौड़गढ़ पुलिस की बड़ी कामयाबी!
&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Chittorgarh News: चित्तौड़गढ़ के सेमलपुरा में हुई रिटायर्ड ASI के बेटे अजय सिंह झाला की हत्या ने पूरे जिले को दहला दिया था. गोलीबारी और बर्बर हमले के इस मामले में अब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन फरार आरोपियों को जैसलमेर से गिरफ्तार कर लिया है. वारदात में शामिल सभी हमलावर एक सुनियोजित प्लान के तहत आए थे, जिन्होंने होटल को चारों तरफ से घेरकर अंधाधुंध गोलियां चलाईं. हत्या की जड़ में बजरी के पुराने विवाद की दुश्मनी सामने आई है. चित्तौड़गढ़ पुलिस की तगड़ी रणनीति और ताबड़तोड़ दबिश के चलते आखिरकार तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं.
सेमलपुरा स्थित एक होटल में 1 जून की रात अजय सिंह झाला अपने तीन दोस्तों के साथ खाना खा रहा था. तभी अचानक कई गाड़ियों में सवार होकर 20-25 हमलावर होटल पर टूट पड़े. उन्होंने होटल को चारों ओर से घेर लिया और बिना कोई मौका दिए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. अजय सिंह को एक गोली लगी, जो हाथ से होते हुए फेफड़ों में जा फंसी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. होटल से कुल सात गोलियों के खोखे बरामद हुए, जबकि एक गोली अजय के शरीर से मिली. हमला बेहद योजनाबद्ध था और हमलावर अजय की हत्या की मंशा से ही आए थे. मृतक अजय सिंह, राजस्थान पुलिस में सेवानिवृत्त ASI शिव सिंह झाला का बेटा था.
जैसलमेर से जब तीनों आरोपियों को चित्तौड़गढ़ लाया जा रहा था, तब उन्होंने गंगरार के पास भागने की कोशिश की. एक आरोपी ने टॉयलेट जाने का बहाना बनाया और भाग निकला. जैसे ही पुलिस उसे पकड़ने दौड़ी, बाकी दो आरोपी भी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए.
इनमें से एक आरोपी नाली में गिर गया जबकि दूसरा पुलिया से कूद गया, जिससे दोनों के पैरों में फ्रैक्चर हो गया. तीसरे आरोपी को भी हल्की चोटें आईं. इसके बाद पुलिस ने तीनों को दोबारा गिरफ्तार किया और जिला अस्पताल में भर्ती कराया. सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है.
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने शुक्रवार को तीनों आरोपियों को घटनास्थल पर मौका मुआयना कराने सेमलपुरा स्थित उसी होटल ले गई. तीनों आरोपी लंगड़ाते हुए मौके पर पहुंचे. पुलिस का कहना है कि इससे अपराधियों में कानून का भय पैदा होगा. डिप्टी विनय चौधरी के अनुसार, आरोपियों की निशानदेही पर अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश जारी है.
पुलिस ने अब तक इस मामले में कुल 13 नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है. कई अन्य संदिग्धों की भूमिका भी जांच के दायरे में है. पुलिस गाड़ियों की पहचान कर रही है जिनमें सवार होकर हमलावर आए थे और बाकी आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किए जाने की उम्मीद है.
सेमलपुरा मर्डर केस की गुत्थी धीरे-धीरे सुलझ रही है लेकिन पुलिस के सामने अब भी बड़ी चुनौती बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी और साजिश में शामिल सभी चेहरों की शिनाख्त की है. चित्तौड़गढ़ पुलिस की सख्ती और त्वरित कार्रवाई से ये साफ हो गया है कि अपराध कितना भी बड़ा हो, कानून से बचना नामुमकिन है. पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पुलिस ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है, जिससे आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम हो सके.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Latest Rajasthan News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!