&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Churu News: सरदारशहर के पूलासर गांव में नहाने गए दो किशोरों की जोहड़ में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों की पहचान पुलासर निवासी 15 वर्षीय शुभम पुत्र कालीचरण पारीक और छापर निवासी 15 वर्षीय कृष्ण कुमार पुत्र कैलाशचंद्र पारीक के रूप में हुई है. कृष्ण अपने ननिहाल पूलासर में रहकर पढ़ाई कर रहा था.
जानकारी के अनुसार, दोनों किशोर रविवार सुबह करीब 9 बजे हल्की बूंदाबांदी के दौरान घर से निकले थे. देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने गांव और आसपास के इलाकों में उनकी तलाश शुरू की. इसी दौरान गांव के पास स्थित श्मशान भूमि के पास बने जोहड़ के किनारे दोनों की चप्पलें नजर आईं. शक के आधार पर ग्रामीणों ने तुरंत स्थानीय स्तर पर प्रयास करते हुए जोहड़ में किशोरों की तलाश शुरू की.
घटना की सूचना मिलते ही सरदारशहर पुलिस मौके पर पहुंची. ASI प्रदीप कुमार मीणा और हेड कांस्टेबल महेन्द्र कुमार सहित पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया. वहीं, प्रशासन की ओर से सरपंच और पंचायत समिति ने भी तत्परता दिखाते हुए जनरेटर और पानी निकालने का इंतजाम कराया. हालांकि ग्रामीणों ने इससे पहले ही दोनो शवों को बाहर निकाल लिया था. शवों को रविवार देर रात्रि को सरदारशहर के उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है.
नायब तहसीलदार प्रहलाद राय पारीक ने बताया कि बच्चों की मौत जोहड़ में नहाने के दौरान डूबने से हुई है, जहां पानी अधिक होने और तैराकी की जानकारी नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ. घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. दोनों ही किशोरों के परिवारों में कोहराम मच गया है. ग्रामीणों ने प्रशासन से जोहड़ की चारदीवारी और सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो.
थानाधिकारी मदनलाल बिश्नोई ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा और परिजनों की रिपोर्ट पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan Newsऔर पाएं Churu Newsकी हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!