&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Churu News: सरदारशहर तहसील क्षेत्र में आज सुबह शुरू हुई बारिश 11 बजे तक रुक-रुक कर जारी है. अच्छी बारिश के चलते किसान खेतों की ओर रवाना हुए तो वही व्यापारियों के लिए यह बारिश एक बार फिर मुसीबत बनकर आई. पानी भरने के चलते मुख्य बाजार, सब्जी मंडी, शिव मार्केट सहित शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया.
आथुना बाजार से घंटाघर के बीच आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया, जिसके चलते व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों तक नहीं पहुंच पाए और बाजार पूर्णतया बंद नजर आया. इसी तरह से सब्जी मंडी शिव मार्केट में भी 2 से 3 फीट तक पानी भर गया. वाहन चालक लंबी दूरी तय कर अपने गंतव्य स्थान तक पहुंचते हुए नजर आए.
वहीं पैदल राहगीरों को भी लंबी दूरी का सफर तय करना पड़ा और काफी पैदल राहगीर इसी पानी के बीच से गुजरते हुए नजर आए. सरदारशहर की बसावट प्यालेनुमा होने के कारण जब बारिश आती है, तो निचले इलाके पूरी तरह से जलमग्न हो जाते हैं जिसके कारण वाहन चालकों और पैदल राहगीर परेशानियों का सामना करते हुए नजर आते हैं.
वहीं अच्छी बारिश के चलते किसानों के चेहरे पर खुशी है तो आमजन को प्रचंड गर्मी से भी भारी राहत मिली है. किसान बारिश होते ही खेतों की ओर अग्रसर हुए और किसानों ने बताया कि वर्तमान समय में बाजरा बुवाई का अच्छा समय है. अगर समय समय पर बारिश होती है तो किसानों की फसलों को चार चांद लग जाएंगे.