Trending Photos

Dholpur News: धौलपुर ज़िले के सैपऊ कस्बे में सोमवार सुबह दिल दहला देने वाला हादसा हो गया. नेशनल हाईवे-123 स्थित अंडरपास पुल के ऊपर भीषण रोड एक्सीटेंट हो गया है. जानकारी के मुताबिक एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो लोगों को तेजी से टक्कर मार दी.
हादसे में दोनों बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची है. साथी ही दोनों शवों को कब्जे में लेकर सैपऊ के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है. मृतकों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है.
हादसा सोमवार सुबह करीब 3:00 बजे के आस पास हुआ है. कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद सीओ अनूप कुमार और थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह एक्सीडेंट की जगह पर पहुंचे. पुलिस को बाइक से लगभग 20 मीटर की दूरी पर दोनों युवक के शव मिले.
बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी और सड़क पर काफी दूरी तक खून ही खून फैला हुआ था. सीओ अनूप कुमार ने हादसे की जानकारी देते हुए कहा कि एक्सीडेंट काफी भीषण था. टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है. वहीं पहचान होने के बाद दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाना है.
एएसआई अजय सिंह ने बताया कि दोनों मरने वाले युवक फोटोग्राफर लग रहे हैं. मौके से उनके पास से एक बैग मिला है, जिसमें वीडियो कैमरा, फोटो कैमरा और अन्य फोटोग्राफी के सामान थे. वीडियो कैमरे में 'लेटेस्ट हिना मैरिज गार्डन' में किसी समारोह की फुटेज मिली है. पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में लग गई है. दोनों की पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.