Trending Photos

Rajasthan News: धौलपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला के साथ चार लोगों ने मिलकर लगातार 6 दिनों तक गैंगरेप की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया. पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई है.
चौराहे पर वाहन का इंतजार कर रही थी महिला
मामले की जानकारी देते हुए महिला थाना प्रभारी छवि फौजदार ने बताया कि पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि यह घटना 19 फरवरी की है. पीड़िता अपनी मां की बीमारी की सूचना मिलने पर दोपहर 3 बजे गुलाब बाग चौराहे पर वाहन का इंतजार कर रही थी. इसी दौरान एक परिचित युवक उसे अपने साथ ले गया, जहां पहले से तीन अन्य आरोपी भी मौजूद थे. आरोप है कि आरोपियों ने पहले दो दिन तक एक ही जगह पर बारी-बारी से पीड़िता के साथ गैंगरेप किया. इसके बाद उसे दो अलग-अलग स्थानों पर ले जाया गया और वहां भी चार दिनों तक लगातार उसका यौन उत्पीड़न किया गया.
पीड़िता को ब्लैकमेल कर कई बार किया दुष्कर्म
आरोपियों ने इस घिनौने कृत्य का वीडियो भी बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर कई बार पीड़िता का शोषण किया. लगातार छह दिनों तक शोषण झेलने के बाद पीड़िता ने एक दिन शौच के बहाने मौका पाकर आरोपियों से बचकर अपने घर लौटने में सफलता पाई. घर पहुंचने के बाद उसने अपने परिजनों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी.
मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
परिजनों ने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. महिला थाने में दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच में जुट गई है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.