&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Dungarpur News: जिले के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के संचिया गांव में सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब निजी स्कूल बस अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसा वरहात फला के पास हुआ, जहां बच्चों से भरी बस सड़क पर लुढ़कते हुए दो बार पलटी मार गई. चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग दौड़े और तुरंत राहत बचाव शुरू किया. हादसे में चालक सहित 7 बच्चे घायल हो गए.
कनबा गांव की पायनियर स्कूल की बस आस पास के गांव से बच्चों को लाने के लिए गई थी. संचिया गांव के पास बस वरहात फला में किनारे के पास अचानक पलट गई. हादसे में बस चालक सहित 7 बच्चे घायल हो गए. ग्रामीणों ने घायलों को बस से निकालकर एंबुलेंस की मदद से डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें भर्ती कर इलाज शुरू किया गया. हादसे में 2 बच्चों को ज्यादा चोटें आई है. वहीं, चालक और 4 बच्चों को हल्की चोट आई है.
घटना की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और अभिभावक भी अस्पताल की ओर भागे. इधर, हादसे के बाद अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा. उनका कहना है कि यह बस आए दिन खराब रहती थी. इसकी शिकायत कई बार स्कूल स्टाफ को दी गई, लेकिन न बस बदली गई और न ही समय पर मरम्मत की गई. अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल प्रशासन की इसी लापरवाही ने मासूमों की जान जोखिम में डाल दी.
पढ़ें डूंगरपुर की एक और खबर
सरकारी स्कूल की जमीन पर दबंगों का कब्जा, ग्रामीणों ने कलेक्टर से की शिकायत
डूंगरपुर जिले के साबला उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत वलाई के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल साकारखाईया को आवंटित 3 बीघा जमीन पर गाँव के दबंगों द्वारा कब्ज़ा करने का मामला सामने आया है. ग्रामीणों ने कब्जे को हटाने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया. वहीं, जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौपकर स्कूल की जमीन से कब्जा हटाने की मांग की है.
डूंगरपुर जिले की वलाई पंचायत के वार्ड पंच दिनेश मीणा के नेतृत्व में ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां गांव के दबंगों द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल साकारखाईया को आवंटित 3 बीघा जमीन पर कब्ज़ा करने के विरोध में प्रदर्शन किया. इस मौके पर वार्ड पंच दिनेश मीणा ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल साकारखाईया को 3 बीघा जमीन आवंटित की गई थी लेकिन गाँव के दबंगों द्वारा उक्त जमीन पर कब्ज़ा करके मकान व दुकानों का निर्माण कर दिया गया है, जिसकी शिकायत पंचायत को भी की गई थी लेकिन पंचायत ने भी नोटिस देकर इतिश्री कर दी और कब्जे को हटाया नहीं गया है. इधर ग्रामीणों ने आज कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है. वहीं, जिला कलेक्टर से स्कूल की जमीन से कब्जा हटाने की मांग की है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan Newsऔर पाएं Dungarpur Newsकी हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!