Dungarpur News: डूंगरपुर शहर में आरयूआईडीपी की ओर से करवाए जा रहे सीवरेज व पेयजल पाइप लाइन के कार्य में आरयूआईडीपी व ठेकेदार की लापरवाही जनता पर भारी पड़ती जा रही है.
Trending Photos
&w=752&h=564&format=webp&quality=medium)
Dungarpur News: डूंगरपुर शहर में आरयूआईडीपी की ओर से करवाए जा रहे सीवरेज व पेयजल पाइप लाइन के कार्य में आरयूआईडीपी व ठेकेदार की लापरवाही जनता पर भारी पड़ती जा रही है. आरयूआईडीपी की ओर से पुराने शहर की तंग गलियों में सीवरेज लाइन डालने के लिए सड़के खोद दी गई है.
लाइन डालने के बाद कई हफ्तों से सड़के क्षतिग्रस्त पड़ी है, जिनके चलते क्षेत्रवासियों को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता है. लोगों ने कार्य को जल्द पूर्ण करते हुए सड़के ठीक करवाने की मांग की है. आरयूआईडीपी की ओर से डूंगरपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रो में पिछले डेढ़ साल से सीवरेज व पेयजल पाइप लाइन का कार्य किया जा रहा है.
लेकिन कार्य की धीमी गति लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है. डूंगरपुर पुराना शहर के वखारिया चौक, सलाटवाडा, चमनपुरा, सुथारवाड़ा, कुम्हार वाडा आदि मोहल्लों में रहने वाले लोगों ने बताया कि इन सभी मोहल्लों में संकडी गलियां है. कुछ गलियां तो ऐसी है जिसमें से केवल पैदल व्यक्ति ही गुजर सकता है.
करीब 3 माह पहले सीवरेज लाइन डालने के लिए सड़के खोदने का काम शुरू हुआ था. कुछ मोहल्लों में 3 महीने पहले गलियों में सड़के खोदी गई और लाइन डालने के बाद खड्डों को मिट्टी से भर दिया. इसके बाद सड़को की मरम्मत नहीं की गई, जिसके चलते आवागमन में परेशानी आ रही है.
मिट्टी निकलने से जगह - जगह खड़े पड़ गए है जिसमें गिर कर बाइक चालक और बच्चे चोटिल हो जाते है. वहीं टूटी सड़क पर वाहनों की आवाजाही से दिन भर धूल उड़ती रहती है, जिसके चलते श्वास संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है. इतना ही नहीं धूल उड़ने के कारण दुकानों में रखा सामान भी खराब हो रहा है.
परेशान लोगों ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार नगर परिषद के अधिकारियों को अवगत कराया लेकिन समाधान नहीं हो पा रहा है. इधर मामले को लेकर नगर परिषद सभापति अमृत कलासुआ भी बेबस दिखे. उन्होंने कहा कि सड़कों को जल्द ठीक करने के लिए आरयूआईडीपी के ठेकेदार को कई बार पाबंद किया है, लेकिन वो ठीक से काम नहीं कर रहा है. सभापति ने कहा कि जिला कलेक्टर को भी ठेकेदार की लापरवाही से अवगत कराया है वही पुरानी सड़के ठीक होने तक नई सड़कों पर काम शुरू नहीं करने के लिए ठेकेदार को पाबंद किया है.
बहरहाल डूंगरपुर शहर में आरयूआईडीपी व ठेकेदार की कार्य में लेटलतीफी व लापरवाही आमजन के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है. जनता के साथ नगरपरिषद भी आरयूआईडीपी के आगे बेबस सी नजर आती है. अब देखने वाली बात होगी की सीवरेज व पेयजल पाइप लाइन के कार्य के चलते परेशानी का सामना कर रहे लोगो को कब तक राहत मिल पाती है.