&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Viral Video: जब भी कभी आप राजस्थान की धरती पर पहुंचते हैं तो सबसे पहले वहां पर आपको पारंपरिक स्टाइल में लोग एक प्यारा सा शब्द बोलते नजर आते हैं, वह है 'खम्मा घणी'. यह शब्द न केवल बोलने में बेहद प्यारा लगता है बल्कि इसका अर्थ भी उतना ही गहरा और खूबसूरत है, जितना यहां का इतिहास. यह शब्द जो कोई भी सुनता है, वह बस राजस्थान का ही होकर रह जाता है.
राजस्थान की धरती जितनी अनोखी और विशाल है, उतनी ही अनोखी है यहां की बोलचाल और संस्कृति. जब भी कोई सैलानी राजस्थान की गलियों में कदम रखता है, तो सबसे पहले उसके कानों में गूंजता है- 'खम्मा घणी' यह केवल एक अभिवादन नहीं, बल्कि राजस्थानियों की आत्मा है, जिसमें सम्मान, आदर और आत्मीयता की गहरी झलक मिलती है.
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे Rang Rajasthani नाम के X हैंडल से शेयर किया गया है. यह वीडियो रामबाग पैलेस का बताया जा रहा है. वीडियो में आप देखेंगे कि शुरू से लेकर आखिरी तक रामबाग पैलेस का सारा स्टाफ एक ही बात कहता नजर आता है कि 'खम्मा घणी'. उनका अंदाज इतना प्यारा होता है कि आपके चेहरे पर मुस्कान आ जाएगी.
🔸ख़म्मा घणी क्यों बोला जाता है? pic.twitter.com/xGi2JlHXOl
— रंग राजस्थानी - Rang Rajasthani (@RangRajasthani_) August 20, 2025
बता दें कि खम्मा का मतलब होता है क्षमा या नम्र निवेदन, और घणी का मतलब है बहुत सारा. जब कोई कहता है 'खम्मा घणी', तो उसका सीधा भाव होता है- 'आपको ढेर सारा नमस्कार, आदर सहित प्रणाम.' दरअस पुराने समय में जब वीर राजपूत आपस में मिलते तो तलवारबाजों और योद्धाओं की उस शानो-शौकत में भी यह वाक्य विनम्रता और सम्मान का प्रतीक बन गया.
आज भी अगर आप जैसलमेर की सुनहरी हवेलियों, उदयपुर की झीलों या जयपुर की रंगीन गलियों में घूम रहे हों तो मुस्कुराते हुए कोई स्थानीय शख्स आपको 'खम्मा घणी' कह दे, तो समझ लीजिए कि आपने राजस्थान की असली मेहमाननवाजी का स्वाद चख लिया है. यह परंपरा, समय बदलने के बावजूद, राजस्थानी दिलों की गर्मजोशी और अपनत्व को जिंदा रखे हुए है.