Rajasthan News: हरियाणा रोडवेज की बस राजस्थान में टाइम टेबल दस्तावेज न होने पर जब्त कर ली गई. बस सभी कागजातों के बावजूद चालान की गई. दोनों राज्यों में पहले भी रोडवेज बसों को लेकर ऐसे विवाद हो चुके हैं.
Trending Photos

Rajasthan News: राजस्थान में हरियाणा रोडवेज की बस जब्त किए जाने के मामले में नया खुलासा हुआ है. हिसार के यातायात प्रबंधक (TM) सुरेंद्र सिंह ने बताया कि बस के पास सभी जरूरी कागजात मौजूद थे, लेकिन टाइम टेबल का दस्तावेज ड्राइवर के पास नहीं होने के चलते बस को जब्त किया गया. उन्होंने कहा कि यह बस पिछले पांच साल से सूरतगढ़-हिसार रूट पर नियमित रूप से चल रही है. बीकानेर आरटीओ को टाइम टेबल भेजा गया था, लेकिन कोई लिखित जवाब नहीं मिला. इसके बावजूद दोनों राज्यों के जीएम के बीच इस रूट पर मौखिक सहमति बनी हुई थी, जिसकी जानकारी स्थानीय आरटीओ को नहीं थी. इसी कारण बस को चालान कर जब्त कर लिया गया.
ये भी पढ़ें- Rajasthan Weather: रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के बीच राहत की उम्मीद! इन जिलों में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट
बुधवार को जब यह बस सूरतगढ़ से हिसार लौट रही थी, तब नोहर में आरटीओ टीम ने उसे रोक लिया. ड्राइवर विकास ने बताया कि बस के कागज और यात्रियों की जांच की गई, लेकिन टीम ने टाइम टेबल को आधार बनाकर बस को जब्त कर चालान कर दिया. 45 यात्रियों को बस से उतार कर दूसरी बसों से आगे भेजा गया.
ड्यूटी इंचार्ज सुरेंद्र ने बताया कि यह बस पिछले 8 साल से इसी रूट पर चल रही है. सभी दस्तावेज वाट्सएप पर भेजे गए थे, इसके बावजूद आरटीओ ने कोई सुनवाई नहीं की. उन्होंने कहा कि बस तय समय पर ही नोहर पहुंची थी, बावजूद इसके कार्रवाई की गई.
रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि राजस्थान के निजी बस संचालकों की शिकायतों के कारण ही यह विवाद उपजा है. निजी बस संचालक हिसार रोडवेज की टाइमिंग को गलत बताकर शिकायत करते हैं, और उनके दबाव में आकर आरटीओ कार्रवाई कर देते हैं.
इससे पहले भी दोनों राज्यों के बीच ऐसे विवाद हो चुके हैं. छह महीने पहले हरियाणा में राजस्थान रोडवेज की बस में टिकट को लेकर पुलिसकर्मी और कंडक्टर के बीच विवाद हुआ था. इसके बाद दोनों राज्यों में एक-दूसरे की बसों के चालान किए जाने लगे. तीन दिन में हरियाणा ने राजस्थान की 90 बसों के चालान काटे, जबकि राजस्थान ने भी एक ही दिन में हरियाणा रोडवेज की 26 बसों पर कार्रवाई की. यह स्थिति रोडवेज कर्मचारियों और यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है.