&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Hanumangarh News: राजस्थान के हनुमानगढ़ में लोगबाग आजकल एक अजीबोगरीब टोटका अपना रहे हैं. उन्होंने अपने घरों के बाहर नीला और लाल रंग मिलाकर पानी की बोतलें दीवार और दरवाजों पर टांगनी शुरू कर दी. पहले एक घर ने ऐसा किया, फिर दूसरे घर ने और देखते-देखते कई घरों के बाहर यह नजारा देखने को मिला. आइए आपको बताते हैं आखिर ऐसा क्यों कर रहे लोग और आखिर क्या है यह सारा माजरा.
वजह जान सब हुए हैरान
जंक्शन की श्याम सिंह कॉलोनी में एक दिन सुबह लोग उठे और देखा कि एक मकान के बाहर दो नीले रंग की रस्सी से बंधी बड़ी-बड़ी बोतलें और लाल रंग के कपड़े के टुकड़े पड़े हैं. पहली नजर में यह कोई जादू-टोना लग रहा था. कॉलोनी में यह बात आग की तरह फैल गई. धीरे-धीरे जब इन हरी-नीली बोतलों का राज सामने आया तो सब हैरान रह गए. लोगों का मानना है कि इस नीले-लाल रंग को देखकर स्ट्रीट डॉग घर के आसपास नहीं आते और गंदगी नहीं फैलाते.
Zee राजस्थान की टीम ने लगातार 3 दिन तक रखी नजर और की पड़ताल
जंक्शन की पॉश कॉलोनी मानी जाने वाली श्याम सिंह कॉलोनी के लोग स्ट्रीट डॉग से इतने परेशान हैं कि उनसे निजात पाने के लिए टोटकों का सहारा लेने को मजबूर हैं. Zee राजस्थान ने इस सारे मामले पर कई दिन तक नजर रखी और तह तक इसकी पड़ताल की. हमारे संवाददाता विश्वास कुमार ने लगातार तीन दिन तक इन बोतल टंगे मकानों और स्ट्रीट डॉग्स की गतिविधि पर नजर रखी. देखने को मिला कि जिन मकानों के बाहर बोतलें लगी थीं, स्ट्रीट डॉग वहीं मस्ती कर रहे और आराम से बैठे नजर आए. यानी यह टोटका कुत्तों पर असर करता नहीं दिखा.
क्या बोले पशु चिकित्सक?
पशु चिकित्सकों और विशेषज्ञों से बातचीत में सच्चाई सामने आई. सीनियर वेटनरी ऑफिसर के.के. महेश ने कहा कि इसका कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है. उन्होंने Zee राजस्थान के जरिये लोगों से अपील की कि इन सब टोटकों और अंधविश्वास में न पड़ें. यह 100 प्रतिशत गलत है कि नीले या लाल रंग से कुत्ते डरकर उसके आसपास नहीं आएंगे.
स्ट्रीट डॉग की समस्या जस की तस
स्ट्रीट डॉग की समस्या एक या दो वार्ड की नहीं है. जिला मुख्यालय पर यह परेशानी बनी हुई है. लोग कई बार नगरपरिषद, प्रशासन और 181 पर शिकायत कर चुके हैं, लेकिन आज तक समस्या का हल नहीं हुआ. पूर्व सभापति कालूराम शर्मा और वार्ड 19 के सचिन सिंगला ने नगरपरिषद, शासन और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए. उनका कहना है कि हालात ऐसे हैं कि कुत्तों के डर से बच्चों और बुजुर्गों को घर से बाहर भेजने तक से डर लगता है. परेशान लोगों ने Zee राजस्थान के जरिये न्यायालय से हस्तक्षेप की मांग की. उन्होंने कहा कि हाल ही में सुप्रीम कोर्ट द्वारा आवारा कुत्तों को लेकर जो संशोधित आदेश दिए गए थे, उनकी पालना हनुमानगढ़ में भी सख्ती से हो.
जागरूकता ही हमारा उद्देश्य
हम पहले भी हमारे चैनल पर इसी श्याम सिंह कॉलोनी में किए जा रहे जादू-टोने की खबर को प्रमुखता से दिखा चुके हैं, जिसका असर भी देखने को मिला था. इस खबर को तथ्यों के साथ दिखाने का उद्देश्य भी लोगों को जागरूक करना है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Hanumangarh News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!