&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Jaipur News: राजस्थान एम्बुलेंस कर्मचारी यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह शेखावत ने बताया कि 104 जननी एक्सप्रेस सेवा का संचालन करने वाली कंपनी मॉडर्न इमरजेंसी सर्विसेज का राज्य स्तरीय टेंडर 10 दिसंबर 2025 को समाप्त हो गया था. विभागीय अधिकारियों को इसकी जानकारी पहले से होने के बावजूद समय रहते नए टेंडर की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, जिसका खामियाजा प्रदेश की गर्भवती महिलाओं और एम्बुलेंस कर्मचारियों को भुगतना पड़ा.
नया टेंडर प्रक्रियाधीन
104 जननी एक्सप्रेस एम्बुलेंस सेवा का टेंडर दिसंबर 2020 में मॉडर्न इमरजेंसी सर्विसेज कंपनी को मिला था. अधिकारियों को ज्ञात था कि यह टेंडर दिसंबर 2025 में समाप्त होगा, फिर भी नए टेंडर की प्रक्रिया छह महीने पहले शुरू होनी चाहिए थी. इसके बजाय 26 नवंबर 2025 को प्रक्रिया शुरू की गई, जो अभी भी प्रक्रियाधीन है.
टेंडर समाप्त होने के बाद राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक ने 10 दिसंबर 2025 को प्रदेश के सभी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि 104 जननी एक्सप्रेस वाहनों को हैंडओवर-टेकओवर कर आरएमआरएस के माध्यम से संचालित किया जाए. हालांकि, एम्बुलेंस संचालन को लेकर न तो कोई स्पष्ट नीति बनाई गई और न ही कर्मचारियों की भूमिका तय की गई.नीति और दिशा-निर्देशों के अभाव में कंपनी ने हैंडओवर-टेकओवर की प्रक्रिया नहीं की.
प्रदेश में 104 जननी एक्सप्रेस की 600 एम्बुलेंस सेवाएं पूरी तरह बंद हो गई
इसके बाद 2 जनवरी 2026 को परियोजना निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से कंपनी को चेतावनी पत्र जारी किया गया कि यदि हैंडओवर नहीं किया गया तो बैंक गारंटी जब्त कर ली जाएगी. इसके दबाव में सभी 104 जननी एक्सप्रेस एम्बुलेंस का हैंडओवर तो कर दिया गया, लेकिन विभाग के पास सेवा संचालन के लिए कोई गाइडलाइन नहीं होने के कारण सभी एम्बुलेंस खड़ी कर दी गईं, जिसके चलते प्रदेश में 104 जननी एक्सप्रेस की 600 एम्बुलेंस सेवाएं पूरी तरह बंद हो गई हैं और इनमें कार्यरत 1200 कर्मचारियों को घर भेज दिया गया है.
108 एम्बुलेंस कर्मचारी संगठन ने चेतावनी दी कि नया टेंडर कब तक पूरा होगा, इसका कोई निश्चित समय नहीं है. ऐसे में जब तक वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक न केवल कर्मचारी बेरोजगार रहेंगे बल्कि गर्भवती महिलाओं को भी गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ेगा.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan Newsऔर पाएं Jaipur Newsकी हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!