&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Jhunjhunu News: झुंझुनूं के नवलगढ़ में मिलावटी दूध की सप्लाई ने स्थानीय निवासियों को हतप्रभ कर दिया है. वार्ड 32, बिरोल रोड निवासी सीताराम सबल के साथ शुक्रवार को एक चौंकाने वाला वाकया सामने आया. सीताराम ने बाइक सवार दूधवाले से खरीदा दूध जब गर्म किया गया, तो वह उबलने के बजाय रबर जैसी बनावट में बदल गया. स्थानीय निवासी रमेश कुमार ने बताया कि दूध की यह असामान्य स्थिति देखकर परिवार और पड़ोसी स्तब्ध रह गए. इस घटना ने कस्बे में दूध की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
डॉक्टरों के अनुसार, मिलावटी दूध का सेवन विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों के लिए बेहद खतरनाक है. इससे पेट संबंधी रोग, आंतों का संक्रमण, हार्मोनल असंतुलन, और यहां तक कि लीवर व किडनी जैसे गंभीर रोग हो सकते हैं. नवलगढ़ में रोजाना ड्रमों में दूध की सप्लाई हो रही है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग का फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट सैंपल जांच में निष्क्रिय रहा है.
इस लापरवाही के चलते मिलावटखोरों के हौसले बुलंद हैं, जो बेरोकटोक मिलावटी दूध बेच रहे हैं.
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है. उन्होंने मांग की है कि प्रशासन तत्काल सभी दूध सप्लायरों के ड्रमों से सैंपल लेकर उनकी जांच करे. साथ ही, मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि जनता के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित हो.
निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द कदम नहीं उठाए, तो वे मिलावट के खिलाफ आंदोलन शुरू करेंगे. यह घटना न केवल स्वास्थ्य विभाग की निष्क्रियता को उजागर करती है, बल्कि आम जनता के स्वास्थ्य के साथ हो रहे खिलवाड़ पर भी सवाल उठाती है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Jaipur News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!