&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Alwar News: अलवर जिले के खैरथल कस्बे के पास स्थित हरियाली बाईपास पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक आठ महीने के मासूम की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई. गिरवास निवासी धनीराम ने बताया कि उसका परिवार बच्चे के मुंह में हुए छाले का इलाज कराने के बाद वापस अपने गांव लौट रहा था.
रास्ते में हरियाली बाईपास के पास धनीराम सड़क किनारे शौच करने के लिए उतरा, जबकि उसकी पत्नी कलावती और आठ महीने का बेटा बाइक से उतरकर सड़क किनारे खड़े हो गए.
उसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रहे एक कैंटर वाहन ने मां-बेटे को जबरदस्त टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई.
स्थानीय लोगों की सहायता से घायल महिला को सैटेलाइट अस्पताल खैरथल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए अलवर के लिए रेफर कर दिया. घटना की सूचना पर खैरथल थाने के एएसआई रामवतार मौके पर पहुंचे.
पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए अलवर रेफर किया गया है.
पढ़िए खैरथल कस्बे की एक और खबर
Khairthal News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माताजी के संबंध में की गई टिप्पणी के आरोप को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए खैरथल में प्रदर्शन किया. भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे न केवल निंदनीय बताते हुए कहा कि इस प्रकार की टिप्पणी भारतीय संस्कृति और मातृत्व की गरिमा का अपमान करती है.
भाजपा जिलाध्यक्ष महासिंह चौधरी और पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता खैरथल कलेक्टर कार्यालय के बाहर एकत्र हुए और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंका. प्रदर्शन के दौरान जोरदार नारेबाजी की गई और राहुल गांधी से सार्वजनिक माफी की मांग की गई.
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने जिस प्रकार प्रधानमंत्री की माताजी को लेकर बयान दिया है, वह पूरी तरह से अशोभनीय है. उन्होंने कहा कि राजनीतिक असहमति के बावजूद किसी की मां या परिवार के खिलाफ इस प्रकार की भाषा का प्रयोग निंदनीय है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Alwar News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!