&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Rajasthan News: राजधानी जयपुर के बगरू विधानसभा का नेवटा बांध जो कभी स्थानीय लोगों के लिए पेयजल और सिंचाई का एक बड़ा स्रोत हुआ करता था. आज इस नेवटा बांध का पानी सिंचाई विभाग की लापरवाही के चलते जहर से भी जहरीला हो गया है. कल तक जो बांध स्थानीय लोगों के लिए जल का एक महत्वपूर्ण साधन था और पर्यावरण संरक्षण का बेहतरीन संदेश दे रहा था. आज उसी बांध के जहरीले पानी में तैरती हजारों मरी हुई मछलियां, चारों ओर फैली तीव्र दुर्गंध, और बदरंग पानी अब पर्यावरण के लिए संकट बन चुका है. इस जलाशय का पानी अब जहर से भी ज्यादा जहरीला हो चुका है.
जिम्मेदारों की कुंभकर्णी के कारण नेवटा बांध इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है. अवैध रूप से संचालित फैक्ट्रियों से निकलने वाले जहरीले रासायनिक पानी ने इस जलाशय को दूषित कर दिया है. नतीजतन लाखों मछलियां तड़प-तड़प कर मर चुकी हैं और उनके सड़ते हुए शव पानी में तैरते नजर आ रहे है. जल में ऑक्सीजन की भारी कमी और रासायनिक विषाक्तता से लाखों मछलियाँ काल का ग्रास बन चुकी हैं. यह स्थिति न सिर्फ जलीय जीवन, बल्कि स्थानीय वन्यजीवों, पशु-पक्षियों और मानव स्वास्थ्य के लिए भी खतरनाक बन चुकी है. कभी पर्यटकों से गुलजार रहने वाला नेवटा बांध अब वीरान नजर आने लगा है. हर महीने हजारों की संख्या में आने वाले पर्यटकों ने अब इस बदबूदार और खतरनाक माहौल की वजह से यहां आना बंद कर दिया है.
सिंचाई विभाग की लापरवाही और प्रशासन की निष्क्रियता ने हालातों को और भी गंभीर बना दिया है. स्थानीय लोगों में इसको लेकर गहरा आक्रोश है. कई सामाजिक संगठनों ने भी इस मुद्दे को उठाया है और तत्काल कार्रवाई की मांग की है. अगर समय रहते प्रशासन ने सख्त कदम नहीं उठाए, तो यह न केवल एक पर्यावरणीय त्रासदी बन जाएगा, बल्कि क्षेत्र की पर्यटन और जैव विविधता के लिए भी एक स्थायी संकट खड़ा कर देगा.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Latest Rajasthan News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!