&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Jaipur News: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सांख्यिकी आंकड़ों के माध्यम से सरकार जनता की अपेक्षाओं-आकांक्षाओं की पूर्ति कर सकती है. जब आंकड़े सटीक होते हैं, तभी निर्धारित लक्ष्यों की दिशा में प्रगति का मूल्यांकन कर सुधार के लिए समय रहते कदम उठा सकते हैं. आंकड़ों की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं उपयोगिता को और अधिक सशक्त बनाते हुए विकसित भारत एवं विकसित राजस्थान का संकल्प पूरा कर सकते हैं.
राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में रविवार को राज्य स्तरीय सांख्यिकी दिवस समारोह आयोजित किया गया. समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आज भारत विश्व के उन चुनिंदा देशों में शामिल हो गया है, जो व्यापक आंकड़े के आधार पर नीतियां एवं कार्यक्रम बनाकर उन्हें लागू करता है.
प्रदेश में आज राज्य सरकार ने आंकड़ों के आधार पर नीतिगत निर्णय लेकर सुशासन की मजबूत नींव रखी है. प्रदेश को 350 बिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य हो या अंत्योदय की भावना के अनुरूप कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक सुगमता से पहुंचाने का संकल्प, राज्य सरकार आंकड़ों के आधार पर मजबूती से निर्णय ले रही है.
भारत सांख्यिकी के क्षेत्र में ग्लोबल लीडर के रूप में उभरा
शर्मा ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में सांख्यिकी तंत्र को सुदृढ़ बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की हैं, जिनसे न केवल जनकल्याणकारी नीतियां एवं कार्यक्रम बनाने में मदद मिल रही है बल्कि सांख्यिकी के क्षेत्र में भारत ग्लोबल लीडर के रूप में उभर रहा है. प्रधानमंत्री का मानना है कि डेटा आज केवल सूचनात्मक संसाधन नहीं, बल्कि एक रणनीतिक संपदा है. डेटा से सांख्यिकी प्रणाली को व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने के साथ ही दूरगामी निर्णय लेने में मदद मिल रही है. ये आंकड़े ही तेजी से विकास के प्रमुख आधार है.
सांख्यिकी तंत्र को सुदृढ़ करने की दिशा में उठाए महत्वपूर्ण कदम
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में सांख्यिकी तंत्र को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं. राज्य में 68 नवीन ब्लॉक सांख्यिकी कार्यालयों एवं 8 नए जिलों में सांख्यिकी कार्यालयों की स्थापना करने के साथ ही, सांख्यिकी कार्यालयों में आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाने के प्रावधान भी किए हैं. उन्होंने कहा कि राज्य में सतत् विकास लक्ष्यों के प्रभावी क्रियान्वयन की दृष्टि से हमनें बजट में एसडीजी कोर्डिनेशन एंड एक्सीलरेशन सेंटर की स्थापना की घोषणा की. इसके लिए पदों के सृजन एवं विशेषज्ञों की सेवाओं के लिए वित्तीय सहमति दी जा चुकी है.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 'स्टैटिस्टिकल इयरबुक 2025' और 'राजस्थान एसडीजी स्टेटस रिपोर्ट 2025' का विमोचन और 'एसडीजी वेबसाइट 2.0' का शुभारंभ किया. साथ ही, उन्होंने राज्य में सांख्यिकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए जयपुर जिला कलेक्टर जितेन्द्र सोनी सहित 16 अधिकारियों-कर्मचारियों को राज्य स्तरीय 'प्रोफेसर पीसी महालनोबिस सांख्यिकी पुरस्कार' से सम्मानित किया.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Latest Rajasthan News हर पल की जानकारी। राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!