&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Dausa Weather News: राजस्थान के दौसा जिले में पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है, जिसके चलते जिले में कई जगह जल भराव की स्थिति बनी हुई है. लालसोट क्षेत्र में अधिक बारिश होने से क्षेत्र की कई कालोनियां जल मग्न हो गई तो वहीं रास्तों में पानी भरने से लोगों की आवाजाही भी बाधित हो रही है.
वहीं, लालसोट में स्थित राजकीय संस्कृत विद्यालय के कमरे की पट्टियां अचानक भरभरा कर नीचे गिर गई. हालांकि गनीमत रही उस दौरान बच्चों की छुट्टी कर दी गई थी, जिसके चलते कोई हादसा नहीं हुआ. सूचना पर लालसोट थाना अधिकारी किशन मीणा भी स्कूल पहुंचे, जहां जर्जर भवन का जायजा लेने के बाद स्कूल स्टाफ से भवन से दूर रहने की बात कही. स्थानीय लोगों ने जर्जर भवन को दुरुस्त करने की मांग की.
क्षेत्र में स्थित मोरेल बांध में भी लगातार पानी की आवक जारी है, जिसके चलते बांध पर एक फीट से अधिक की पानी की चादर चल रही है. वहीं, क्षेत्र के निचले इलाकों में पानी भरने से कई घरों में पानी भी घुस गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
साथ ही शेडुलाई कॉलोनी में स्थित तलाई भी पानी से लबालब होकर उफान पर है तो वही सिकराय के गढ़ गांव में भी जल भराव के हालात बन गए और दुकानों-मकानो में पानी भर गया. फिलहाल आकाश में घनघोर घटाएं छाई हुई है और मौसम विभाग की माने तो अभी बारिश का दौर जारी रहेगा.
वहीं, मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. आम लोगों और पर्यटकों से सावधानी बरतने और गैर-जरूरी यात्रा से बचने की अपील की गई है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Dausa News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!