&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Dudu Murder Case Update: राजधानी से सटे दूदू उपखंड के मौखमपुरा थाना क्षेत्र के बाड़ोलाव गांव में प्रेमी जोड़े को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की दिल दहला देने वाली घटना अब और भी भयावह रूप ले चुकी है. चार दिन पहले हुए इस वीभत्स कांड में गंभीर रूप से झुलसी प्रेमिका सोनी गुर्जर ने भी आज सुबह करीब 3 बजे इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. इससे पहले प्रेमी कैलाश गुर्जर (25) की सोमवार देर रात जयपुर के एसएमएस अस्पताल में मौत हो चुकी थी. इस दोहरी मृत्यु ने पूरे राजस्थान में आक्रोश और सदमे की लहर दौड़ा दी है.
यह दर्दनाक वारदात पिछले शुक्रवार (28 नवंबर) की रात लगभग 2 बजे बाड़ोलाव गांव में कैलाश के खेत पर हुई थी. जानकारी के अनुसार कैलाश और सोनी खेत में बने टापरे/मचान पर मौजूद थे. उसी दौरान सोनी के रिश्तेदार उसके चाचा ससुर बिरदी चंद और जेठ गणेश गुर्जर, वहां पहुंच गए. आरोप है कि दोनों ने प्रेमी जोड़े पर पेट्रोल या किसी ज्वलनशील पदार्थ से हमला किया और आग लगाकर मौके से फरार हो गए.
कैलाश 70% और सोनी 90% तक झुलसी
हमले में कैलाश लगभग 70% और सोनी 90% तक जल गई थीं. डॉक्टरों के अनुसार कैलाश ने सोमवार रात जबकि सोनी ने चार दिन जिंदगी और मौत की जंग लड़ने के बाद मंगलवार देर रात अंतिम सांस ली. ग्रामीण इस घटना को मानवता को शर्मसार करने वाली” बताते हुए गहरा आक्रोश जता रहे हैं.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौखमपुरा पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की. एफआईआर शुरुआत में हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में दर्ज की गई थी.
दूदू एएसपी शिवलाल बैरवा और डीएसपी दीपक खंडेलवाल की अगुवाई में बनाई गई विशेष टीम ने घटना के 12 घंटे अंदर ही दोनों आरोपियों बिरदी चंद और गणेश गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया.
अब दोनों पीड़ितों की मौत हो जाने के बाद पुलिस ने केस में हत्या की धारा (302) भी जोड़ दी है. परिजनों का दावा है कि इस वारदात में और भी लोग शामिल थे और उनकी गिरफ्तारी की मांग की जा रही है.
इस जघन्य घटना ने न सिर्फ दूदू क्षेत्र बल्कि पूरे राजस्थान को झकझोर कर रख दिया है. पुलिस की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और भी खुलासे संभावित हैं.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan Newsऔर पाएं Jaipur Newsकी हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!