&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Jaipur News: जयपुर में शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है. राजधानी के गोनर रोड स्थित श्री श्याम एजेंसी और उससे जुड़े गोदाम में नकली सॉस, मेयोनीज और एक्सपायरी खाद्य सामग्री तैयार करने और बेचने का खुलासा हुआ है. इस मामले में सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉक्टर मनीष मित्तल के नेतृत्व में फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने शाम करीब 5 बजे छापा मार कर कार्यवाही की.
डॉ. मित्तल ने जानकारी दी कि गोनर रोड पर स्थित श्री श्याम एजेंसी में भारी मात्रा में एक्सपायरी खाद्य सामग्री पाई गई, जिसे बाजार में खुलेआम बेचा जा रहा था. करीब ढाई हजार किलो अवधिपार खाद्य सामग्री को टीम ने मौके से जब्त कर सीज कर दिया है. इसके साथ ही, एजेंसी में 'फ्रेश' ब्रांड के नाम से पैक की गई मेयोनीज और बिना लेबल वाली सॉस की बोतलें भी बरामद हुईं, जिससे यह संदेह और गहराया.
फैक्ट्री पर छापा मारा
जांच को आगे बढ़ाते हुए जब पता लगाया गया कि इन उत्पादों की मैन्युफैक्चरिंग कहां हो रही है, तो टीम को एजेंसी मालिक की फैक्ट्री का सुराग मिला, जो खो नागोरियान क्षेत्र में स्थित है. तुरंत कार्रवाई करते हुए टीम वहां पहुंची और फैक्ट्री पर छापा मारा. फैक्ट्री में बड़े स्तर पर नकली सॉस, मेयोनीज और नूडल्स तैयार किए जा रहे थे. मौके पर मौजूद सभी तैयार माल को नष्ट करवाया गया, जबकि मेयोनीज और सॉस के नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए हैं.
इस दौरान सीएमएचओ जयपुर द्वितीय की टीम के साथ फूड सेफ्टी ऑफिसर सुशील चोटवानी, विनोद थारवान और राजेश नागर भी मौजूद रहे. पूरी कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान, डॉ टी शुभमंगला के निर्देश और डॉ. मनीष मित्तल के सुपरविजन में संपन्न हुई.
नकली उत्पादों पर लगाम लगेगी
अधिकारियों ने बताया कि जब तक नमूने की रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक फैक्ट्री पर रोक रहेगी. यदि रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होती है तो फैक्ट्री को सीज करने की प्रक्रिया 15 दिन के भीतर शुरू कर दी जाएगी.
फूड सेफ्टी टीम की यह कार्रवाई शुद्ध आहार अभियान के तहत अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है. इससे न केवल बाजार में बिक रहे नकली उत्पादों पर लगाम लगेगी, बल्कि आमजन की सेहत से खिलवाड़ करने वाले ऐसे कारोबारी भी कानून के शिकंजे में आएंगे.
कैंसर जैसी गंभीर बीमारियां होने की आशंका
सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल की जनता से अपील की है कि श्री श्याम एजेंसी और उसकी फैक्ट्री से जब्त की गई नकली सॉस, मेयोनीज और अन्य खाद्य सामग्री में ऐसे घटक पाए गए हैं, जो मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक हैं. इन मिलावटी उत्पादों का सेवन करने से कैंसर जैसी गंभीर बीमारियां होने की आशंका है.
लोगों से की गई यह अपील
सभी दर्शकों से जी राजस्थान चैनल के माध्यम से अपील है कि सस्ते और दिखने में सुंदर खाद्य उत्पादों के चक्कर में न पड़ें. बिना ब्रांड, बिना लेबल, अवैध फैक्ट्रियों में बने उत्पादों से दूरी बनाएं. बाजार से खरीदते समय उत्पाद की एक्सपायरी डेट और लाइसेंस नंबर अवश्य जांचें. किसी भी संदिग्ध खाद्य वस्तु की सूचना तुरंत स्वास्थ्य विभाग या नजदीकी प्रशासन को दें. आपकी सतर्कता ही आपकी और आपके परिवार की सुरक्षा है.
स्वस्थ राजस्थान, सुरक्षित नागरिक, यही हमारा संकल्प है. ज़ी राजस्थान चैनल की तरफ से भी सभी दर्शकों से निवेदन है कि जागरूक बनें, मिलावट से बचें.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan Newsऔर पाएं Jaipur Newsकी हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!