&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Rajasthan News: राजस्थान पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने अन्य सेवाओं से प्रोन्नत होकर आईएएस बने अधिकारियों पर ट्वीट कर भाजपा सरकार को घेरा है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि प्रदेश में अन्य सेवा से आईएएस बने नीतीश शर्मा, अमिता शर्मा, नरेन्द्र कुमार मंघानी और नरेश कुमार गोयल को बधाई, लेकिन आश्चर्य है कि सरकार को इस बार एससी, एसटी, ओबीसी, एमबीसी या अल्पसंख्यक वर्ग से कोई भी अधिकारी योग्य नहीं मिला.
क्यों उठाए सवाल ?
डोटासरा ने कहा कि यह पहली बार है जब चुने गए चारों अधिकारी सामान्य वर्ग से हैं. उन्होंने इसे 'खुलेआम जातिवादी मानसिकता का प्रदर्शन' बताते हुए भाजपा सरकार की मंशा पर सवाल उठाया. डोटासरा ने याद दिलाया कि चयन प्रक्रिया में हमेशा योग्यता और वरिष्ठता के आधार पर सभी वर्गों को अवसर देने की परंपरा रही है, लेकिन इस बार पूरी तरह उपेक्षा की गई.
जातिगत जनगणना की वकालत
ट्वीट में डोटासरा ने कहा कि इसी कारण लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सामाजिक न्याय और आबादी के अनुपात में हिस्सेदारी सुनिश्चित करने के लिए जातिगत जनगणना की मांग कर रहे हैं. उन्होंने भाजपा सरकार को याद दिलाया कि वह 36 कौम का वोट लेकर सत्ता में आई है और उसकी जवाबदेही 'जातिवादी सोच वाले अफसरों' के प्रति नहीं बल्कि जनता के प्रति है.
टीकाराम जूली का भाजपा पर वार: ‘सामाजिक न्याय से खिलवाड़’
वहीं, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने राजस्थान कैडर की अन्य सेवाओं से भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयनित अधिकारियों को बधाई देते हुए भाजपा सरकार पर कटाक्ष किया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि यह चिंता का विषय है कि प्रोन्नति में किसी दलित, पिछड़े, आदिवासी या अल्पसंख्यक अधिकारी को मौका नहीं दिया गया.
जूली ने कहा कि राहुल गांधी लगातार इन वर्गों को उच्च पदों पर प्रतिनिधित्व देने की लड़ाई लड़ रहे हैं, जबकि भाजपा सरकार केवल जुमलों से वोट बटोरती है. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस शासन में अन्य सेवाओं से आईएएस चयन में सामान्य, दलित और पिछड़े सभी वर्गों को अवसर दिया जाता था. जूली ने कहा कि सामाजिक न्याय सुनिश्चित करना केवल कांग्रेस ही जानती है, भाजपा नहीं.
ये भी पढ़ें- Alwar News: 'मुआवजा नहीं, जमीन जबरन ली जा रही है' अलवर-जयपुर फोर लेन सड़क विवाद पर किसानों का आरोप
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Latest Rajasthan News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!