Trending Photos

Rajasthan News: आगामी ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान यात्रियों को ट्रेनों में कंफर्म सीट मिल सके, इसके लिए रेलवे प्रशासन ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है. उत्तर-पश्चिम रेलवे अप्रैल से जून माह के दौरान स्पेशल ट्रेनों का संचालन करेगा. अब तक उत्तर-पश्चिम रेलवे प्रशासन ने 23 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का शेड्यूल जारी कर दिया है. ये ट्रेनें देश के विभिन्न शहरों के लिए संचालित होंगी. खासतौर पर रेलवे प्रशासन ने दक्षिण भारत के लम्बी दूरी के शहरों के लिए भी ट्रेनों की प्लानिंग की है, जिससे ज्यादातर पर्यटन और धार्मिक महत्व के शहरों के लिए आवागमन की सुविधा मिल सके. जयपुर से पुणे, वलसाड, हावड़ा, मुम्बई, बांद्रा टर्मिनस, सांतरागाछी, कोयंबटूर, मैसूर आदि विभिन्न शहरों के लिए ट्रेन संचालन के शेड्यूल जारी कर दिए गए हैं. ज्यादातर ट्रेनें अप्रैल माह की शुरुआत से लेकर जून तक संचालित होंगी.
गर्मियों में ये स्पेशल ट्रेनें देंगी राहत
06557/58 सर एम विश्वेश्वरैया (बेंगलुरु)-भगत की कोठी (जोधपुर) ट्रेन 7 अप्रैल से 26 मई तक हर सोमवार रात 11:10 बजे जोधपुर से रवाना होगी. 08611/12 संतरागाछी-अजमेर-संतरागाछी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन अजमेर से 10 अप्रैल से 24 अप्रैल तक हर गुरुवार रात 11:40 बजे चलेगी. 06281/82 मैसूरू-अजमेर-मैसूरू साप्ताहिक स्पेशल 7 अप्रैल से 16 जून तक हर मंगलवार शाम 6:50 बजे अजमेर से रवाना होगी. 03007/08 हावड़ा-खातीपुरा (जयपुर)-हावड़ा साप्ताहिक स्पेशल 15 अप्रैल से 3 जून तक हर मंगलवार सुबह 5:30 बजे खातीपुरा से चलेगी. 09003/04 मुंबई सेंट्रल-दिल्ली-मुंबई सेंट्रल द्वि-साप्ताहिक सुपरफास्ट ट्रेन जयपुर होकर चलेगी, जबकि 09425/26 साबरमती-हरिद्वार-साबरमती द्वि-साप्ताहिक स्पेशल भी जयपुर होकर ही संचालित होगी. 04827/28 भगत की कोठी (जोधपुर)-बांद्रा टर्मिनस-भगत की कोठी स्पेशल 5 अप्रैल से 28 जून तक हर शनिवार दोपहर 2:30 बजे चलेगी. 04713/14 बीकानेर-बांद्रा टर्मिनस-बीकानेर साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल 26 जून तक हर गुरुवार शाम 5:20 बजे बीकानेर से चलेगी. 09603/04 उदयपुर सिटी-श्री माता वैष्णो देवी कटरा-उदयपुर सिटी ट्रेन 9 अप्रैल से 25 जून तक हर बुधवार रात 1:50 बजे उदयपुर सिटी से रवाना होगी. 09623/24 उदयपुर सिटी-फारबिसगंज-उदयपुर सिटी साप्ताहिक स्पेशल 8 अप्रैल से 29 अप्रैल तक हर मंगलवार शाम 4:05 बजे चलेगी. 09619/20 मदार (अजमेर)-रांची-मदार (अजमेर) साप्ताहिक स्पेशल 6 अप्रैल से 29 जून तक हर रविवार दोपहर 1:50 बजे मदार से रवाना होगी.
स्पेशल ट्रेनों का संचालन करने के साथ ही रेलवे प्रशासन नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त डिब्बे भी जोड़ रहा है, जिससे कि नियमित ट्रेनों में कोच बढ़ोतरी के जरिए वेटिंग लिस्ट को कम किया जा सके. उत्तर-पश्चिम रेलवे प्रशासन ने अब तक 46 जोड़ी ट्रेनों में 114 कोच बढ़ाए हैं. इन ट्रेनों में साधारण श्रेणी से लेकर स्लीपर और एसी की विभिन्न श्रेणियों के कोच बढ़ाए गए हैं. मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने बताया कि विभिन्न रूटों की समय-समय पर समीक्षा की जाती है, यदि किसी रूट पर यात्रियों की मांग अधिक रहती है तो उस रूट की ट्रेनों में अतिरिक्त डिब्बे बढ़ाए जाते हैं, जिससे यात्रियों को कन्फर्म सीट उपलब्ध कराई जा सके.
रिपोर्टर - काशीराम चौधरी