&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Jaipur News: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जयपुर के हवा महल के सामने एक अनूठा और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जब शहर के व्यापारियों ने ‘पहले योग, फिर उद्योग’ के संकल्प के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया. इस अवसर पर ताड़ासन, अर्द्धकटी चक्रासन, भ्रामरी प्राणायाम, अनुलोम-विलोम जैसे योगासनों के माध्यम से ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’ का संदेश दिया गया. कार्यक्रम में भाग ले रहे व्यापारियों को देखकर देश-विदेश से आए पर्यटक भी रुके बिना न रह सके और उन्होंने इस आयोजन को कैमरों में कैद किया.
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
हर साल 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है. इस बार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम "एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग" है. यह दिन हमें याद दिलाता है कि योग हमारे शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन बनाए रखने में कितना जरूरी है. योग करने से हमारा शरीर मजबूत और लचीला बनता है, साथ ही मन को भी शांति मिलती है. यह भारत की एक प्राचीन परंपरा है, जो आज पूरी दुनिया में अपनाई जा रही है. इसी कडी में आज बारिश की फुहारों के बीच हवामहल के सामने सामूहिक योगाभ्यास किया.
जयपुर ग्रेटर नगर निगम की महापौर ने किया नेतृत्व
कार्यक्रम का नेतृत्व जयपुर ग्रेटर नगर निगम की महापौर और राजस्थान योग ब्रांड एंबेसडर डॉ. सौम्या गुर्जर ने किया. उन्होंने बताया कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि भारत की जीवनशैली, संस्कृति और अनुशासन का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर प्रदेशभर में 70 हजार स्थानों पर योग सत्र होंगे, जिसमें जयपुर के धार्मिक, पर्यटन और सार्वजनिक स्थलों पर भी आयोजन होंगे. महापौर डॉ. गुर्जर ने जानकारी दी कि इस बार जयपुर 30 घंटे तक बिना रुके योग कर नया विश्व कीर्तिमान स्थापित करेगा. यह कार्यक्रम इंदिरा गांधी पंचायती राज संस्थान में होगा, जिसमें 100 से अधिक योग संस्थाएं भाग लेंगी.
पहले योग, फिर उद्योग
इस दौरान प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए पौधे भी वितरित किए जाएंगे और एक वृक्ष लगाने का संकल्प दिलाया जाएगा. जयपुर व्यापार संघ के अध्यक्ष सुभाष गोयल ने कहा कि व्यापारी समुदाय ने ‘पहले योग, फिर उद्योग’ का नारा देकर यह संदेश दिया है कि जब शरीर और मन स्वस्थ रहेगा, तभी समाज की सेवा और आर्थिक विकास संभव है. उन्होंने कहा कि पूर्व में वृक्षारोपण कर विश्व कीर्तिमान बनाने के बाद अब योग को जन-जन तक पहुंचाने का बीड़ा व्यापारियों ने उठाया है.
2 लाख 51 हजार से अधिक लोग करेंगे योग
जयपुर जिले की बात करें तो 21 जून को ग्यारहवां अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस, 2025 मनाया जाएगा. एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य थीम पर आयोजित होने वाले अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के तहत जयपुर जिले में 2 लाख 51 हजार से अधिक लोग योग का अभ्यास करेंगे. जयपुर शहर के विभिन्न धार्मिक व पर्यटन स्थलों प्रमुख स्थानों के साथ-साथ उपखंड और ग्राम पंचायत स्तर तक योग प्रशिक्षकों द्वारा आमजन को योग का अभ्यास करवाया जाएगा. सामूहिक योगाभ्यास से पूर्व आयोजन स्थल पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संबोधन का सीधा प्रसारण किया जाएगा.
कहां-कहां होगा आयोजन
जयपुर शहर में सवाई मानसिंह स्टेडियम में 3 हजार प्रतिभागी, अल्बर्ट हॉल पर 200 प्रतिभागी, बिड़ला मन्दिर 600 प्रतिभागी, सिटी पार्क मानसरोवर 200 प्रतिभागी, हवा महल के सामने 100 प्रतिभागी, पत्रिका गेट 700 प्रतिभागी, सेन्ट्रल पार्क 600 प्रतिभागी, जलमहल 1000 प्रतिभागी, आमेर फोर्ट 600 प्रतिभागी, श्री गलता जी मंदिर 200 प्रतिभागी, सिटी पैलेस 100 प्रतिभागी, श्री गोविन्द देव जी मन्दिर 200 प्रतिभागी, जयगढ़ फोर्ट 100 प्रतिभागी कुल 9400 सम्मिलित होंगे. जयपुर ग्रामीण क्षेत्र में धार्मिक और पर्यटन स्थल जमवाय माता मन्दिर, जमवारामगढ, शीतला माता मंदिर, चाकसू, शाकम्भरी माता मन्दिर (कोरसीना), श्री दादू धाम पीठाधीश्वर मंदिर, नरैना, एवं ब्लॉक स्तर और ग्राम पंचायत स्तर पर एवं सभी आयुर्वेद चिकित्सालय, औषधालय, आयुष्मान आरोग्य मन्दिर में संभावित कुल 2 लाख 51 हजार योगाभ्यासियों को दक्ष योग प्रशिक्षकों द्वारा योगाभ्यास कराया जायेगा.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Latest Rajasthan News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!
रिपोर्टर - दीपक गोयल